बिलासपुर. स्थानीय निर्वाचन शाखा ने बुधवार को बिलासपुर नगर निगम की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया। निगम के 55 वार्डो में 2 लाख 44 हजार 966 मतदाता हैं, जो पार्षद और मेयर का चुनाव करेंगे।
नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिला स्थानीय निर्वाचन शाखा 6 नवगठित नगर पंचायतों सहित जिले की 13 नगर पंचायतों के मतदाताओं की अंतिम सूची पूर्व प्रकाशित कर चुकी है, जिसमें 1 लाख 35 हजार मतदाता शामिल हैं। आज नगर निगम की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया।
55 वार्डो में 1 लाख 27 हजार 605 पुरुष और 1 लाख 17 हजार 361 महिला मतदाता महापौर और 55 पार्षदों का चुनाव करेंगे। अंतिम प्रकाशन के साथ ही सूची में नाम जोड़ने-काटने का दौर भी थम गया। प्रशासन की तैयारियों को देखकर माना जा रहा है कि नगरीय निकाय चुनाव के लिए आचार संहिता अगले एक हफ्ते के भीतर लागू कर दी जाएगी। इधर, मतदाताओं की अंतिम सूची प्रकाशित होने के बाद जन प्रतिनिधियों का गुणा-भाग शुरू हो गया है।
पार्टियां आरक्षण के अनुरूप प्रत्याशी तलाशने और समीकरण तैयार करने में सिर खपा रही हैं। अब आचार संहिता का इंतजार: मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद अब आचार संहिता का इंतजार किया जा रहा है। प्रशासनिक स्तर पर चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पिछले दिनों बैठक लेकर कलेक्टर ने अधिकारियों को आचार संहिता के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में निर्देश दिए थे। राज्य में चल रही तैयारियों को देखकर माना जा रहा है कि 12 नवंबर के पहले कभी भी आचार संहिता लागू की जा सकती है।