नई दिल्ली. परीक्षा विभाग प्रमुख हो या फिर डीन छात्र कल्याण, या फिर केमिस्ट्री विभाग के प्रमुख किसी से भी अपनी शंकाओं के निवारण के लिए अब छात्रों व अभिभावकों को दिल्ली विश्वविद्यालय में यहां वहां भटकना नहीं पड़ेगा।
बस एक क्लिक में अब न सिर्फ विभाग प्रमुख का नाम व नंबर कम्प्यूटर स्क्रीन पर उपलब्ध है बल्कि उसे सहेज कर भी रखा जा सकता है। जी हां, वेबसाइट अपग्रेडेशन में जुटे विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से सबसे पहले डीयू की डायरेक्टरी को ऑनलाइन कर हर आम और खास को उपलब्ध कराया जा रहा है।
डीयू प्रशासन की ओर से पिछले दिनों शुरू हुए वेबसाइट अपग्रेडेशन की कवायद के तहत सभी विभागों को अपने-अपने ताजा अपडेट दिल्ली यूनिवर्सिटी कंप्यूटर सेंटर (डीयूसीसी) को भेजने के निर्देश दिए थे। इन अपडेट्स में विभागीय अधिकारियों के पद और शिक्षकों के फोन व मोबाइल नंबर की जानकारी भी मांगी गई थी। विभिन्न विभागों ने प्रशासन के निर्देशों पर अमल करते हुए डीयूसीसी को अपने अपडेट्स भेजना शुरू कर दिया है।
इन्हीं अपडेट्स के आधार पर डीयू की डायरेक्टरी को अपडेट कर दिया गया है और बिना किसी यूजर आईडी, लॉगिन के आप न सिर्फ इस डायरेक्टरी में मौजूद नंबरों को जान सकते हैं बल्कि उसे भविष्य में इस्तेमाल के लिए डाउनलोड भी कर सकते हैं। डीयूसीसी के अधिकारियों के मुताबिक वेबसाइट में किए गए सुधार के तहत डीयू डायरेक्टरी अपडेट कर दी गई है। अभी तक डीयू की वेबसाइट से डायरेक्टरी डाउनलोड नहीं की जा सकती थी।
लेकिन अब कोई भी छात्र या अन्य व्यक्ति अपने कंप्यूटर पर डीयू डायरेक्ट्री डाउनलोड कर सकेगा। इसके लिए सिर्फ उसे संबंधित विभाग का नाम डालकर लॉगिन करना होगा। लॉगिन होते ही उस विभाग के सभी अधिकारियों और शिक्षकों के फोन नंबर उपलब्ध हो जाएंगे। विभाग का तर्क है कि इस नई सुविधा से कामकाज में पारदर्शिता और विभाग, शिक्षकों व अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी।