आज सजेगी सुरों की महफिल
ग्वालियर. तबला वादक व प्रख्यात शिक्षाविद पंडित यशवंतराव शिरगांवकर की स्मृति में 5 नवंबर को संगीत समारोह का आयोजन किया जा रहा है। स्मृति संगीत समारोह दाल बाजार स्थित नाट्य मंदिर में शाम 7 बजे से प्रारंभ होगा। कार्यक्रम में प्रख्यात तबला वादक पंडित मुकुंद भाले के शिष्य मास्टर अंशुल प्रताप सिंह का एकल तबला वादन होगा।
ग्वालियर घराने के ख्यातिनाम संगीतज्ञ पंडित यशवंत बुवा जोशी के मुम्बई निवासी शिष्य भरत बलवल्ली का गायन होगा। इनके साथ तबला पर संगत मुम्बई के प्रसाद पाध्य व आर्गन पर विश्वनाथ कान्हेरे संगत देंगे। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महाराजा मानसिंह संगीत विश्वविद्यालय के कुलपति पंडित चितरंजन ज्योतिषी व विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रसिद्ध तबला वादक रामस्वरूप रतोनिया होंगे।
इसके साथ ही 11 अक्टूबर को सम्पन्न हुई राज्यस्तरीय एकल तबला वादन प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार भी वितरित किया जाएगा। आयोजन समिति में संरक्षक डा. प्रभाकर गहिदकर, विश्वनाथ गवांदे, मुख्य संयोजक मुकुंद भाले, कार्यक्रम समन्वयक उपेंद्र, राघवेंद्र शिरगांवकर सहित अन्य सदस्य शामिल हैं।











