Gwalior
कार से महंगी ऑटो की सवारी
संजय बोहरे, प्रदीप Thursday, November 05, 2009 09:12 [IST]  

ग्वालियर. शहर में कहीं भी आने जाने के लिए ऑटो महंगा साधन है, ऑटो चालक मीटर से नहीं ग्राहकों को तय किराया पर चलने के लिए मजबूर करते हैं। 1 या 2 किमी तक के लिए 20 रुपए तक सवारियों से लिए जाते हैं।



शहरवासियों के लिए ऑटो की सवारी कार से भी महंगी पड़ रही है। यहां के ऑटो चालक दिल्ली व मुंबई जैसे बड़े शहरों से भी अधिक किराया वसूल रहे हैं। मात्र एक किमी के लिए बीस रुपए से पचास रुपए तक वसूले जा रहे हैं। जबकि कार से यात्रा करने पर पांच रुपए प्रति किमी लगता है। मीटर न होने के कारण ही सवारियों से मनमानी वसूली की जा रही है। मनमानी रोकने के लिए न परिवहन विभाग कार्रवाई कर रहा है, न नापतौल विभाग।



शहर में ऑटो की संख्या बढ़ती जा रही है लेकिन प्रतिस्पर्धा में किराया कम होने के बजाय ऑटो चालक मनमाना किराया वसूल रहे हैं। ऑटो चालकों का कहना है कि सवारियां ही मीटर चलवाना पसंद नहीं करतीं, जबकि सवारियों का कहना है कि मीटर चलने से किराया कम देना पड़ता है। रात में मात्र दो किमी तक जाने के लिए ऑटो चालक 50 रुपए तो मुंह खुलते ही मांगते हैं।



खासकर जब सन्नाटा हो और मौसम भी खराब हो तो ये सवारी की मजबूरी का फायदा उठाने में कोई संकोच नहीं करते। ये देखते हैं कि सवारी कितनी लाचार है, उसी के हिसाब से इनका रेट बढ़ता है। हां, जब दो-चार और ऑटो चालक वहां आ जाएं तो हो सकता है कि कुछ कम रेट बताकर कोई चलने को तैयार हो जाए।



दिल्ली में दस किमी तक की दूरी पर ऑटो चालक अधिकतम 50 रुपए ही मांगते हैं, लेकिन यहां तो सौ-डेढ़ सौ से कम पर चलने को तैयार नहीं होते। सवारियों के अनुसार, यदि ऑटो में मीटर लगाने के नियम का कड़ाई से पालन किया जाए तो मनमानी पर काफी हद तक अंकुश लग सकता है।



ऑटो चालक कल्लू व रामबाबू का कहना है कि शहर की लंबाई-चौड़ाई कम है, इसके साथ सड़कों की हालत भी अच्छी नहीं है। इस कारण कम दूरी जाने पर भी ईंधन अधिक लग जाता है। शहर में चल रहे ऑटों में से करीब बीस फीसदी में ही मीटर लगे हैं।



ये है नियम
ऑटो जब किराए पर लिया जाए तब मीटर की शुरुआत 7.50 रुपए से होनी चाहिए , इसके बाद हर किलोमीटर 4.50 रुपए चार्ज निर्धारित किया गया है। इस तरह दो किलोमीटर के लिए करीब 12 रुपए किराया होता है। मगर इतनी दूरी के लिए 20 रुपए तक देना पड़ते हैं।

  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: