Bollywood
मैं हूं चैरिटी गर्ल
Bhaskar News Thursday, November 05, 2009 10:35 [IST]  

मुंबई. मॉडलिंग, फिल्मों और क्रिकेट में हाथ आजमाने के बाद अब प्रीति जिंटा ने समाज सेवा की ओर रुख किया है। प्रीति दो महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट्स से जुड़ने जा रही हैं। इनमें से एक प्रोजेक्ट ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर की पत्नी चेरी ब्लैयर के साथ होगा, जबकि दूसरे प्रोजेक्ट में उनके साथी होंगे स्टार ऑफ द मिलेनियम अमिताभ बच्चन। गौरतलब है कि चेरी ब्लेयर लूंबा ट्रस्ट चलाती हैं जो विधवाओं और उनके बच्चों की बेहतरी के लिए काम करता है।



प्रीति इस ट्रस्ट के साथ जुड़कर भारत, श्रीलंका, बांग्लादेश और अफ्रीका में विधवाओं व बच्चों की भलाई के लिए काम करेंगी। इस बारे में प्रीति का कहना है, ‘यह प्रोजेक्ट मेरे दिल के बहुत करीब है। जब मेरे पिता का निधन हुआ, उस वक्त मैं सिर्फ १३ वर्ष की थी। लिहाजा मैं उन बच्चों व महिलाओं के दुख को अच्छी तरह समझती हूं, जिन्हें इस तरह की त्रासदी से गुजरना पड़ता है। हम ऐसे परिवारों के बच्चों को पढ़ाना चाहते हैं और हमारी पूरी कोशिश होगी कि वे किन्हीं गलत हाथों में न पड़ जाएं।’




दूसरे चैरिटी प्रोजेक्ट के तहत प्रीति बॉलीवुड के मेगास्टार अमिताभ बच्चन, फिल्मकार फिरोज नाडियाडवाला और संयुक्त राष्ट्र प्रतिनिधि के साथ दुनिया भर में हो रही मानव तस्करी के खिलाफ चलने वाली मुहिम का हिस्सा बनेंगी। प्रीति ने बताया, ‘अमिताभ बच्चन, यूएन एंबेसडर और मैं इस प्रोजेक्ट का चेहरा होंगे।



हम मानव तस्करी के भुक्तभोगियों के मसले को उठाएंगे और इस अनैतिक व्यापार के खिलाफ मुहिम चलाएंगे। विश्वव्यापी स्तर पर इस तरह का कारोबार विशाल उद्योग का रूप ले चुका है और हमें इस पर निगाह रखनी होगी।’ बहरहाल यह भी चर्चा है कि नेस वाडिया से ब्रेकअप के बाद उनकी जिंदगी में कोई और शख्स (विक्रम चटवाल) आ गया है। हालांकि प्रीति इस बात को खारिज करती हैं।

  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: