मुंबई. अब जैकी श्रॉफ फैशन डिजाइनिंग के क्षेत्र में उतर आए हैं और आज उनका पहला कलेक्शन प्रस्तुत हो रहा है। इसके बारे में उन्होंने बताया, ‘मेरी क्लोदिंग का कांसेप्ट अर्धनारीश्वर है। मेरे गारमेंट्स की राइट साइड में आपको मेल लुक नजर आएगा, जबकि लेफ्ट साइड फीमेल पार्ट होगा। राइट साइड के रफ लुक के मुकाबले लेफ्ट साइड में थोड़ा ‘बंधनी’ या लेस-वर्क अथवा छोटे-छोटे ‘घुंघरू’ होंगे जो इसे फीमेल लुक प्रदान करेंगे।’
जैकी ने अपने कलेक्शन को रैंप पर प्रदर्शित करने के लिए किसी मॉडल की सेवाएं नहीं ली हैं। जैकी ने बताया, ‘यह रैंप वॉक नहीं होगा। इससे जुटने वाली रकम ‘अलर्ट इंडिया’ को जाएगी, जिसके साथ मैं पिछले १५ वर्षो से काम कर रहा हूं। मेरी दोस्त वीरा राव ने ही मुझे फैशन डिजाइनर बनने के लिए प्रेरित किया।’ जैकी ने यह भी बताया कि उन्होंने इस कलेक्शन के लिए खादी पर जोर दिया है। उनके इस कांसेप्ट का नाम है ‘खादी- देसी कूल’।