मुंबई. मुंबई हमले को अंजाम देने वाला एक आतंकी घटना के समय थकान और भारी तनाव में था। ऐसे में पाकिस्तान में स्थित आका ने टेलीफोन पर उसका हौसला बढ़ाया था। यह खुलासा मुंबई मामले की सुनवाई कर रही विशेष कोर्ट में पेश आतंकियों की बातचीत के टेप से हुआ है।
रिकार्ड की गई बातचीत से पता चलता है कि नरीमन हाउस में सशस्त्र बलों के साथ दो दिन के संघर्ष के बाद आतंकी थकान महसूस कर रहे थे। आतंकी बाबर इमरान ने अपने साथी अबू उमर की स्थिति की जानकारी पाकिस्तान में मौजूद आकाओं को दी थी। इमरान ने बताया था कि अबू थकान और तनाव का शिकार है और हमने उसे एक कमरे में रखा है।
शेर की तरह लड़ना है
इस पर आकाओं ने उमर से टेलीफोन पर पूछा था कि क्या उसने नमाज पढ़ी है और लक्ष्य पर निशाने साधे हैं। उन्होंने उमर से कहा ‘तुम्हें शेर की तरह लड़ना है। जब भी कोई गतिविधि देखो, फायर करते रहो।’ उमर ने ऐसा ही करने का वादा किया था।
क्या बंधकों को मारा
बाद में इन आकाओं ने इमरान से पूछा था कि क्या उसने बंधकों को मारा है? जवाब में इमरान ने कहा कि वह इस मामले में निर्देश का इंतजार कर रहा था तो इन आकाओं ने कहा कि वह (इमरान) ऐसा करने को स्वतंत्र है। इसके फौरन बाद इमरान एक फायर करता है जिसकी आवाज फोन पर सुनाई देती है। पत्रकारों से बातचीत में इसी इमरान ने दावा किया था कि वह हैदराबाद डक्कन)से है न कि पाकिस्तान से।