लखनऊ. कांग्रेस सांसद व पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन को पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में क्रिकेट खेलकर मतदाताओं को लुभाने का प्रयास करना महंगा पड़ गया है। उत्तरप्रदेश की पडरौना विधानसभा सीट के उपचुनाव में केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री आरपीएन सिंह की मां मोहनी देवी के पक्ष में प्रचार करने गए अजहर पर चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया गया है।
पडरौना कोतवाली के प्रभारी वीएस चौहान ने बुधवार को बताया कि सांसद अजहर व सिंह ने प्रशासन की अनुमति के बिना मंगलवार शाम स्थानीय उदित नारायण कॉलेज परिसर में क्रिकेट मैच खेलकर लोगों से वोट मांगा था, जो आचार संहिता का उल्लंघन है। अजहर के साथ ही आरपीएन सिंह के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। सिंह ने कुशीनगर लोकसभा सीट से चुनाव जीतने के बाद पडरौना विधानसभा सीट से इस्तीफा दे दिया था।