सचिन के 175 के बाबजूद हारी टीम इंडिया
मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर (१७५) की बेमिसाल पारी के बावजूद भारत आज रात यहां सांसों को रोक देने वाले बेहद रोमांचक संघर्ष में आस्ट्रेलिया से पांचवें वनडे में तीन रन से हार गया और विश्व चैंपियन टीम ने इस जीत के साथ पांच मैचों की सीरीज में ३-२ की बढत हासिल कर ली।
भारतीय क्रिकेट के भगवान सचिन ने कई कीíतमान स्थापित करते हुए भारत को ३५१ रन के बेहद मुश्किल लक्ष्य के बिल्कुल नजदीक पहुंचा दिया लेकिन उनके आउट होने के बाद भारतीय उम्मीदें फिर भी खत्म नहीं हुई। संघर्ष आखिरी ओवर तक चला जिसमें भारत को जीत के लिए आठ रन चाहिए थे।
मगर दूसरा रन लेने की कोशिश में प्रवीण कुमार के एक इंच के अंतर से रन आउट होते ही आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी खुशी से उछल पड़े। भारत ने आस्ट्रेलिया के चार विकेट पर ३५क् रन के जवाब में ४९.४ ओवर में ३४७ रन बनाए। सचिन ने अपने करियर की सबसे यादगार पारी खेली।
१७ हजार रन भी पूरे किए, ४५वां शतक भी बनाया लेकिन उन्हें इस बात का गहरा अफसोस रहेगा कि ऐसी अद्भुत पारी खेलने के बावजूद वह भारत को जीत नहीं दिला सके। सचिन ने १४१ गेंदों पर १९ चौकों और चार छक्कों की मदद से १७५ रन बनाकर आस्ट्रेलिया के माथे पर पसीना ला दिया था। सचिन जब तक क्रीज पर थे भारत की रोमांचक जीत की उम्मीद बंधी हुई थी लेकिन ४८वें ओवर की क्लाइंट मैके की पहली गेंद को विकेटकीपर के पीछे निकालने की कोशिश में वह नाथन हारित्ज के हाथों लपके गए।
उनके आउट होने के तुरंत बाद ही रवीन्द्र जडेजा (२३) अनावश्यक रन लेने की कोशिश में रन आउट हो गए। आशीष नेहरा भी लांग आन पर कैच थमा बैठे। अंतिम उम्मीदें प्रवीण कुमार और मुनाफ पटेल पर टिकी हुई थीं। प्रवीण ने एक जोरदार छक्का लगाकर लक्ष्य को और नजदीक ला दिया। आखिरी ओवर की पहली तीन गेंदों पर एकएक रन बना। लेकिन चौथी गेंद पर प्रवीण दूसरा रन लेने के चक्कर में रन आउट हो गए और इसके साथ ही भारत का रोमांचक जीत दर्ज करने का सपना टूट गया। इससे पहले सचिन ने ओपनर वीरेन्द्र सहवाग (३८) के साथ पहले विकेट के लिए ८.५ ओवर में ६६ रन की साझेदारी की।
लेकिन इसके बाद सचिन ने गौतम गंभीर (आठ) युवराज ¨सह (नौ) और महेन्द्र ¨सह धोनी (छह) के विकेट गंवाए और भारत का स्कोर चार विकेट पर १६२ रन हो गया। एक छोर पर चट्टान की तरह टिके हुए सचिन को सुरेश रैना के रूप में अच्छा जोडीदार मिला। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए १३७ रन की बेशकीमती साझेदारी की। रैना ५९ गेंदों में तीन छक्कों और तीन चौकों की मदद से ५९ रन बनाकर आउट हुए। उस समय भारत का स्कोर २९९ रन था।
मास्टर ब्लास्टर ने इसके बाद हालांकि भरपूर प्रयास किया लेकिन जीत के नजदीक पहुंचकर उनका भाग्य और बल्ला दोनों ही रूठ गए और भारत को अंत में पराजय का सामना करना पड़ा। हालांकि भारत यह मैच हार गया लेकिन सचिन की इस पारी को एकदिवसीय क्रिकेट की बेहतरीन पारियों में गिना जाएगा और इस मैच को वनडे के सबसे रोमांचक मैचों में शुमार किया जाएगा।
भारत अब सीरीज में २-३ से पिछड़ चुका है और सीरीज जीतने के लिए उसे शेष दोनों मैच जीतने होंगे। इससे पूर्व ओपनर शॉन मार्श (112) और शेन वाटसन (93) की बेहतरीन पारियों की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ पांचवें वनडे में 4 विकेट पर 350 रन का भारी भरकम स्कोर खड़ा किया। यह भारत के विरुद्ध उसका तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है।
शतकीय साझेदारी : यहां के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। रनों की ऐशगाह पिच पर कोई गलती न करते हुए ओपनर शॉन मार्श और शेन वाटसन ने टीम को स्वप्निल शुरुआत दी। इन दोनों ने शुरुआत में सतर्कता बरती और पहले छह ओवर में सिर्फ 24 रन बनाए। विकेट का मिजाज भांपने के बाद दोनों ने अगले छह ओवर में 56 रन ठोककर 12 ओवर में टीम का स्कोर 80 पहुंचा दिया। भारतीयों के लिए खौफ बनी यह जोड़ी 26वें ओवर में टूटी, लेकिन तब तक ऑस्ट्रेलिया के खाते में 145 रन जुड़ गए थे। मार्श ने शतकीय पारी खेलकर यह अहसास दिलाया कि वे गिलक्रिस्ट व हेडन के उत्तराधिकारी हो सकते हैं। शॉन ने अपने 18वें वनडे मैच में पहला शतक जड़ा।
क्रिकेटिया समझ का परिचय देते हुए उन्होंने तब वाटसन को अधिक स्ट्राइक दी जब वे तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे थे। वाटसन के आउट होने के बाद मार्श खुद ‘विस्फोटक’ की भूमिका में आ गए।
उन्होंने कप्तान पोंटिंग (45) के साथ 75 गेंदों पर 91 रन की साझेदारी की। पोंटिंग के आउट होने के बाद उन्होंने कैमरून व्हाइट (57) के साथ तीसरे विकेट के लिए 34 रन जोड़े। कैमरून व्हाइट ने अंतिम ओवरों में तूफानी बल्लेबाजी कर टीम को 350 रन तक पहुंचाया। उन्होंने 33 गेंदों पर 57 रन बनाए, जिसमें पांच छक्के शामिल हैं। माइक हसी (31) के साथ 43 गेंदों पर 80 रन की साझेदारी करने वाले व्हाइट मैच की आखिरी गेंद पर आउट हुए।
संबंधित खबरें
* 12 साल के बच्चे ने सचिन को पीछे छोड़ा
* भारत-ऑस्ट्रेलिया में होगी बढ़त की जंग
* ...और फिर चूक गए सचिन
* रनों के एवरेस्ट पर सचिन सत्रह हजारी










