अगले वर्ष भारत-पाक मैच की संभावना
लाहौर. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पीसीबी के प्रमुख एजाज बट्ट ने भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट संबंध बहाल होने की उम्मीद जताते हुए कहा है कि दोनों चिर प्रतिद्वंद्वी देशों के बीच अगले वर्ष अमेरिका जैसे तटस्थ स्थान पर मैच होने की संभावना है।
आठ दिनों के भारत दौरे से यहां लौटने के बाद बट्ट ने पत्रकारों से कहा भारतीय क्रिकेट अधिकारियों के साथ-साथ वहां की सरकार के अधिकारियों के साथ हुई मेरी मुलाकात के अच्छे परिणाम सामने आएहैं तथा पाकिस्तान और भारत के बीच अगले वर्ष एक तटस्थ स्थान पर सीरीज का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने यह भी संकेत दिया कि दोनों देशों के बीच बहुप्रतीक्षित क्रिकेट सीरीज का आयोजन अमेरिका में किया जाएगा लेकिन साथ ही यह भी कहा कि वहां क्रिकेट के लिये जरुरी बुनियादी सुविधाओं की कमी है। बट्ट ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद आईसीसी उत्तरी अमेरिका में क्रिकेट को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट सीरीज अमेरिका में कराने को इच्छुक है।
उन्होंने कहा अमेरिका इस सीरीज के लिए बढ़िया जगह है। हालांकि वहां केवल फ्लोरिडा में ही एक स्टेडियम है जहां सिर्फ एक अंतरराष्ट्रीय वनडे या दो ट्वेंटी-२क् मैच हो सकते हैं। यह हाई प्रोफाइल सीरीज के लिए उपयुक्त नहीं है। पीसीबी प्रमुख ने दोनों देशों के बीच क्रिकेट संबंधों की बहाली के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड बीसीसीआई तथा सरकार के अधिकारियों को राजी करने के सिलसिले में भारत का दौरा किया। पिछले वर्ष मुंबई में हुए आतंकवादी हमलों के बाद दोनों देशों के बीच क्रिकेट रिश्तों में कड़वाहट पैदा हो गई है। भारत ने इस वर्ष के शुरुआत में पाकिस्तान के खिलाफ प्रस्तावित टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए पाकिस्तान का दौरा करने से इंकार कर दिया था।
इसके अलावा भारत ने दोनों देशों के बीच कटु रिश्तों की वजह से अपने चिर प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ किसी तटस्थ स्थान पर भी खेलने से मना कर दिया था। बट्ट के भारत दौरे पर बीसीसीआई ने नरम प्रतिक्रिया जताई है और बोर्ड ने भरोसा दिलाया है कि भारतीय टीम का कैलेंडर भर चुका है लेकिन छह-सात महीने के बाद ही दोनों देशों के बीच क्रिकेट संबंधों की बहाली पर पीसीबी से बात की जा सकती है। भारतीय टीम फिलहाल अपनी जमीन पर आस्ट्रेलिया के खिलाफ सात वनडे अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज में व्यस्त है और इसके बाद इसे अपनी ही धरती पर श्रीलंका के खिलाफ तीन टेस्ट, पांच वनडे और दो ट्वेंटी-२क् मैचों की सीरीज खेलना है। भारत को अगले वर्ष की शुरुआत में दक्षिण अफ्रीका का दौरा करना है जिसके बाद फिर वेस्टइंडीज में इंडियन प्रीमियर लीग आईपीएल और ट्वेंटी-20 विश्वकप में हिस्सा लेने का कार्यक्रम है।












