मप्र का मध्यक्रम लड़खड़ाया
इंदौर. ओपनर जलज सक्सेना (142 रन, 261 गेंद, 20 चौके, 1 छक्का) के उम्दा शतक के बावजूद मध्यक्रम लड़खड़ाने के बाद मध्यप्रदेश रणजी प्लेट-ग्रुप बी के अपने पहले मुकाबले में हरियाणा के खिलाफ फालोऑन बचाने को विवश हो गया है। 301 रनों पर 2 विकेट की मजबूत स्थिति में पहुंची मेजबान म.प्र. टीम तीसरे दिन स्टम्प के समय तक 364 रनों पर 7 विकेट खो बैठी।
पुछल्ले टी. सुधींद्र (20) और संजय पांडे (18) 8वें विकेट के बीच 43 रनों की अविजित साझेदारी कर म.प्र. को फालोऑन से बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। हरियाणा ने पहली पारी में 546 रन बनाए थे। फालोऑन टालने के लिए मेजबान टीम को अभी 33 रनों की और जरुरत है। एमरल्ड हाइट्स स्कूल मैदान पर खेले जा रहे चार दिवसीय मुकाबले में कल दूसरे दिन हरियाणा की पहली पारी 546 रनों पर समेटने के बाद म.प्र. ने अच्छी शुरुआत कर 1 विकेट के नुकसान पर 116 रन एकत्र किए थे।
43 रनों पर खेल रहे मेजबान टीम के ओपनर जलज सक्सेना ने पहले अपना अर्धशतक 103 गेंदों पर 9 चौकों की मदद से पूरा किया। फिर कप्तान ऋषिकेश कानिटकर ने भी 113 गेंदों पर 7 चौके जमाकर अपने अर्धशतक को अंजाम दिया। लंच से ठीक पहले कानिटकर (72) संजय बुधवार ने अंकित रावत के हाथों में पहुंचाकर दिन की पहली सफलता हासिल की। इस बीच जलज और कानिटकर के बीच 50 रनों की साझेदारी 120 गेंदों पर तथा 100 रनों की साझेदारी 219 गेंदों पर पूरी हुई। कानिटकर ने आउट होने से पहले जलज के साथ दूसरे विकेट के लिए 162 रनों की साझेदारी कर टीम को मजबूती दी। लंच पर म.प्र. का स्कोर 2 विकेट पर 234 रनों पर पहुंचा।
जलज ने शतक ठोंका : लंच के बाद जलज ने देवेंद्र बुंदेला को साथ लेकर म.प्र. की पारी को संयमित तरीके से आगे बढ़या। इन दोनों ने 70 मिनट में 105 गेंदों पर 50 रन जोड़े। इसके बाद जलज ने अपना शतक 186 गेंदों का सामना कर 17 चौकों की मदद से पूरा किया। म.प्र. के 300 रन 92.4 ओवर में पूरे हुए।











