रुचिका केस की सुनवाई चंडीगढ़ में होगी
चंडीगढ़. टेनिस खिलाड़ी रुचिका से छेड़छाड़ के आरोपी हरियाणा के पूर्व डीजीपी एसपीएस राठौर के खिलाफ मामले की सुनवाई अब चंडीगढ़ स्थित सीबीआई की विशेष अदालत में होगी।
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के जस्टिस एसडी आनंद ने दोनों पक्षों के बीच सहमति के बाद सुनवाई को पटियाला स्थित सीबीआई की अदालत से चंडीगढ़ की सीबीआई अदालत में ट्रांसफर करने का आदेश दिया है। पटियाला से पहले इस केस की सुनवाई अंबाला स्थित सीबीआई की अदालत में की जा रही थी।
12 अगस्त 1990 को हुई थी छेड़छाड़
पंचकूला स्थित लॉन टेनिस एसोसिएशन में रुचिका टेनिस खेलने आती थी। राठौर टेनिस एसोसिएशन के संचालक थे। आरोप है कि यहीं पर 12 अगस्त 1990 को राठौर ने उससे छेड़छाड़ की। इससे परेशान होकर रुचिका ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। इससे उसकी मौत हो गई थी। हाईकोर्ट के आदेश पर सीबीआई ने जांचकर अंबाला अदालत में चार्जशीट दाखिल की थी।
चार्जशीट में कहा गया कि रुचिका की दोस्त आराधना प्रत्यक्षदर्शी है। आराधना की मां मधु प्रकाश ही इस मामले में शिकायतकर्ता बनी थी। चार्जशीट में आराधना ने स्वीकार किया था उसके सामने राठौर ने रुचिका से छेड़छाड़ की। राठौर को तत्कालीन डीजीपी आरआर सिंह ने जांच के बाद प्रथम दृष्टा दोषी ठहराया था। उन्होंने कहा था कि मामला संज्ञान लेने योग्य है।











