राज्यस्तरीय चैंपियनशिप 10 से
रायपुर. स्कूली गेम्स और नेशनल तीरंदाजी स्पर्धा के बाद एक बार फिर खिलाड़ियों का मेला लगेगा। विभिन्न क्षेत्रों से जमा हुए ये खिलाड़ी आपस में प्रतिस्पर्धा कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे।
10 से 13 नवंबर तक चलने वाली राज्यस्तरीय चैपिंयनशिप में लॉन टेनिस, कबड्डी, कैरम आदि खेलों के साथ इस बार जंप रोप के खिलाड़ी भी शामिल होंगे। इससे एक ओर जहां कबड्डी-कबड्डी की गूंज सुनाई देगी, वहीं जंप रोप के खिलाड़ी अपनी स्टेमिना का परिचय देंगे। लॉन टेनिस के मुकाबले शहर में होंगे और बाकी के तिल्दा में।
राज्यस्तरीय मुकाबले में बिलासपुर, रायपुर, राजनांदगांव समेत सात जोन के खिलाड़ी अलग-अलग स्पर्धाओं में शामिल होंगे। इन्हीं खिलाड़ियों में से राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए टीम बनाई जाएगी।
कड़ा होगा मुकाबला : राज्य स्तरीय चैंपियनशिप के दौरान नौ खेलों का आयोजन किया जा रहा है। यहां विभिन्न क्षेत्रों से आने वाली टीमों के खिलाड़ी प्रदेश की टीम में स्थान बनाने के लिए दमखम दिखाएंगे। कुश्ती, लॉन टेनिस, साफ्टबॉल, नेटबॉल, कबड्डी, कैरम, टेनिक्वाइट, रोप स्कीपिंग समेत अन्य मुकाबले होंगे।











