Danik Bhaskar Logo
| 42 Editions | 10 States

Friday, November 06, 2009 07:34 [IST]  

danik bhaskarनगर निगम हो गई ऑनलाइन

भास्कर संवाददाता

उज्जैन. नगर निगम ने एक सपना सच कर दिखाया है। नाली गटरों और अतिक्रमण में सिर खपाते निगम अधिकारी सूचना क्रांति का लाभ नागरिकों को दिला पाएंगे इसकी आशंका ही थी लेकिन यह कल्पना साकार हो गई। निगम संबंधी जानकारी, टैक्स जमा करने या जन्म-मृत्यु का रजिस्ट्रेशन कराने अथवा प्रमाण पत्र के आवेदन के लिए निगम के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं रहेगी।

नगर निगम अब इंटरनेट के माध्यम से नागरिकों को घर बैठे ये सुविधाएं देने को तैयार है। यह सुविधा गुरुवार से शुरू हो गई। एमपी ऑन लाइन के माध्यम से निगम इंटरनेट की सुविधा मुहैया करा रहा है। नागरिक इंटरनेट पर जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र की जानकारी ले सकते हैं। पंजीयन करा सकते हैं।

बनवाने के लिए आवेदन दे सकते हैं। संपत्तिकर व जलकर भर सकते हैं। इनकी जानकारी ले सकते हैं। संपत्तिकर की गणना कर सकते हैं। संपत्तिकर जमा करने का फार्म डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए अब नागरिकों को निगम के चक्कर लगाने या कर्मचारियों को ढूंढ़ने की जरूरत नहीं रहेगी।

कैसे लें लाभ: लोगों को यह सुविधा एमपी ऑनलाइन से मिलेगी। वेबसाइट mponline.gov.in पर जाकर उज्जैन नगर निगम को क्लिक करें। ओपन होते ही ऑप्शन आएंगे, जन्म-मृत्यु पंजीयन व जानकारी, जलकर, संपत्तिकर आदि। आप जो चाहते हैं उसे क्लिक करें।

निगम को हाईटेक सुविधा से युक्त किया

ऑनलाइन सुविधा शुरू हो गई है। इसका लाभ जल्दी ही नागरिक ले सकते हैं। निगम को हाईटेक सुविधाओं से युक्तकिया जा रहा है।- चंद्रमौली शुक्ला, आयुक्त नगर निगम

संपत्तिकर, जलकर चुकाने और जन्म मृत्यु के पंजीयन के लिए निगम कार्यालय नहीं आना पड़ेगा। घर बैठे सुविधा का लाभ ले सकेंगे।- आर.एस. रावत, उपायुक्त

दफ्तर और कर्मचारी भी होंगे हाईटेक

दफ्तर और कर्मचारी भी हाईटेक होंगे। दफ्तरों के लिए कम्प्यूटर, अधिकारियों के लिए लेपटॉप खरीदे जाएंगे। पहले चरण में 25 कम्प्यूटर, 12 प्रिंटर और दो लेपटॉप खरीदे जाएंगे। उपायुक्त (संपत्तिकर) कार्यालय, अधीक्षण यंत्री, स्टोर, स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में एक-एक कम्प्यूटर व प्रिंटर, जोन कार्यालयों में 5-5 कम्प्यूटर व एक प्रिंटर लगाए जाएंगे। जोन दफ्तरों में जोनल अधिकारी, संपत्तिकर, जलकर, जन्म-मृत्यु पंजीयन एवं भवन अनुमति विभाग का कम्प्यूटरीकरण होगा। सभी कम्प्यूटर एक-दूसरे से कनेक्ट रहेंगे।

यहां भी उपलब्ध होगी सुविधा

इंटरनेट सुविधा निगम मुख्यालय, चारों जोन कार्यालयों पर उपलब्ध होगी। एमपी ऑनलाइन के शहर में स्थित 16 कियोस्क सेंटरों पर इंटरनेट के माध्यम से नगर निगम संबंधी जानकारी और सुविधा मुहैया कराई जाएगी।

अपडेट होगा सिस्टम: निगम अधिकारियों की मानें तो अभी सिस्टम अपडेट हो रहा है। प्रायोगिक तौर पर चालू किया है। नागरिकों की डिमांड के अनुसार सिस्टम काम करे इसके लिए कमियां दूर की जा रही हैं। कुछ दिन वांछित जानकारी लेने या सुविधा प्राप्त करने में कठिनाई आ सकती है। जल्दी ही इनका निदान हो जाएगा।

  share
apne vichaar
post a comment
name:
email:
website:
code:
 
select your language:
Hindi Roman Hindi Phonetic English
comment: