अहमदाबाद बमकांड के दो आरोपी पकड़े
अहमदाबाद. श्रृंखलाबद्ध अहमदाबाद बमकांड में जांच एजेंसी अहमदाबाद एटीएस ने गुरुवार को आधिकारिक रूप से दो और आतंकियों को गिरफ्तार कर लिया। यह प्रतिबंधित संगठन सिमी के सदस्य हैं।
जांच एजेंसी हाल ही में ट्रांजिट वारंट पर मोहम्मद यूनुस व मोहम्मद शाफिक नामक इन आतंकवादियों को मध्यप्रदेश से लाई थी। गुरुवार को जांच एजेंसी ने दोनों आरोपियों को स्थानीय जीएम पटेल की अदालत में पेश करने के बाद गिरफ्तार किया।
आरोपियों को शुक्रवार को रिमांड हेतु पुन: अदालत में पेश किए जाने की संभावना है। इन पर जुलाई 08 में अहमदाबाद में 17 स्थानों पर हुए 21 विस्फोट और सूरत में जगह-जगह ‘मौत का सामान प्लांट’ करने की साजिश में शामिल होने के आरोप हैं।
ज्ञात हो कि सिलसिलेवार अहमदाबाद विस्फोटों में 53 लोग मारे गए थे जबकि 200 से अधिक जख्मी हुए थे। हालांकि डायमंड सिटी बमों में तकनीकी खराबी के चलते तबाही के मंजर से बच गया था।
मध्य प्रदेश एटीएस (इंदौर टीम) ने सिमी के उक्त दो सहित पांच आतंकियों को 20 अक्टूबर को इंदौर के खजराना क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। इन पर मध्यप्रदेश के उज्जैन व खंडवा के अलावा गुजरात के अहमदाबाद व सूरत में आरोप दर्ज हैं। इंदौर एटीएस को इनसे आपत्तिजनक दस्तावेज व कैसेट मिले थे।











