गुजरात सचिवालय में हड़कंप
गांधीनगर. मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव रवि सक्सेना को स्वाइन फ्लू होने की खबर से सचिवालय में हड़कंप मच गया है। यहां तक कि सरकारी अस्पतालों के चिकित्सक व अधिकारी मास्क पहनने लगे हैं।
उधर, सक्सेना का टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद विभाग के अन्य पांच अधिकारियों को भी स्वाइन फ्लू हो गया है। उन्हें आइसोलेशन में रहने को कहा गया है। स्वास्थ्य आयुक्त मुकेश पुरी भी इसमें शामिल हैं। उनकी परीक्षण रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। शिक्षा विभाग के एक उच्च अधिकारी को भी सर्दी, खासी व बुखार की शिकायत है। इसके चलते वे भी कार्यालय नहीं आ पा रहे हैं।
सचिवालय में स्वाइन फ्लू के चलते दहशत व्याप्त है। यहां तक कि स्वास्थ्य विभाग के आयुक्त मुकेश पुरी चिकित्सकीय निगरानी में रखे गए हैं। उन्होंने संबंध कार्यालय के कर्मचारियों को संदिग्ध लक्षण दिखाई देने पर तुरंत परीक्षण करवाने के निर्देश दिए हैं। उधर, कार्यालय के स्वास्थ्य कर्मियों को मास्क दिए गए हैं और उन्हें अन्य कर्मचारियों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
पुराने सचिवालय में स्थित कमीश्नरेट व नए में स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय के सभी कर्मचारियों को ओजलटैमिवीर कंटेंट युक्त कैप्सूल के खुराक दिए गए। संदिग्ध लक्षण वाले कर्मचारियों को मास्क भी दिए गए हैं। दो दिन से अधिक सर्दी, खांसी व बुखार से पीड़ित कर्मचारियों को सात दिनों तक उनके आवास पर ही कोरंटाइल किया जा रहा है। इस प्रकार के कर्मचारियों की संख्या पांच है। यहां स्थित स्वास्थ्य विभाग के दो कार्यालय में सन्नाटा छा गया है।
रवि सक्सेना सहित पंद्रह को दवा की खुराक : स्वास्थ्य विभाग के अग्रसचिव रवि सक्सेना सहित 15 अधिकारियों व कर्मचारियों को दवा की खुराक दी जा रही है। गुजरात में 98 मेडिकल स्टोरों पर स्वाइ फ्लू की रोकथाम की दवा उपलब्ध है।
ये स्टोर सरकारी मंजूरी के बाद खोले गए हैं। अहमदाबाद व सूरत सहित सिविल अस्पतालों में स्वाइन फ्लू से संबंधित टेस्ट करवाए जा सकते हैं। इसके अलावा 13 निजी अस्पतालों को भी टेस्ट के लिए मंजूरी दी है।











