आईआईएम-ए में लालू की रेल चेयर रद्द
अहमदाबाद. भारतीय प्रबंधन संस्थान, अहमदाबाद में विद्यार्थियों को बिजनेस फंडा सिखाने के लिए तीन साल पहले आए पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव ने रेलवे के विकास के मुद्दे पर और अनुसंधान के उद्देश्य से आईआईएम-ए में रेलवे चेयर बनाए थे जिसे मौजूदा रेल मंत्री ममता बेनर्जी ने निरस्त कर दिया।
संबद्ध विभाग के सूत्रों ने बताया कि ममता ने रेलवे में अनावश्यक खर्च वाले अनेक विभागों व कार्यक्रमों को रद्द करने की योजना बनाई हैं। इसमें कर्मचारियों की अनावश्यक ट्रेनिंग के साथ ही अधिकारियों की विमान यात्रा भी रद्द कर दी जाएगी।
जरूरी होने पर एयर इंडिया या इंडियन एयर लाइंस से ही यात्रा करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। इसके मद्देनजर आईआईएम-ए में शुरु की गई रेलवे चेयर को भी रद्द करने के आदेश दिए गए हैं। गौरतलब है कि लालूप्रसाद ने घाटे में चल रहे रेलवे को करोड़ों के फायदे में लाकर खड़ा कर दिया था। वर्ष 2006 में प्रबंधन गुरु के तौर पर वे आईआईएम-ए के विद्यार्थियों को बिजनेस फंडा सिखाने के लिए आए थे।
रेलवे के कार्यो को और प्रभावी बनाने और नए शोध के लिए लालू ने प्राथमिक चरण में आईआईएम-ए में पांच सालों के लिए रेलवे चेयर शुरू करने की घोषणा की थी। इससे संबंधित करार भी किए गए थे। इस समझौते के तहत रेलवे ने 13 लाख भुगतान भी किए हैं।
इस संबंध में रेलवे के अधिकारियों से पूछने पर उनका कहना है कि मौखिक में इसकी सूचना दी गई है लेकिन लिखित में कोई सूचना नहीं मिली है। उधर, आईआईएम-ए के अधिकारियों का कहना है कि अन्य माध्यमों से उन्हें जानकारी मिली है, लेकिन रेलवे की ओर से अभी तक आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।











