चट मंगनी पट ब्याह
मुंबई. शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा की शादी की तारीख तय हो गई है। सुनने में आया है कि अगले तीन हफ्तों के भीतर शिल्पा और राज वैवाहिक बंधन में बंध जाएंगे। शादी की तारीख २२ नवंबर तय हुई है। शिल्पा के प्रवक्ता ने भी इस बात की पुष्टि की है। यह भी सुनने में आया है कि शिल्पा ने विवाह से पूर्व अपने खास दोस्तों को पार्टी देने के लिए मालदीव में एक विला बुक किया है। हालांकि वे अपना विवाह सादगीपूर्ण ढंग से रचाना चाहती हैं। यह विवाह शिल्पा की खास मित्र और बिजनेस पार्टनर किरन बावा के फार्महाउस में संपन्न होगा।
शिल्पा के एक करीबी मित्र ने बताया, ‘शिल्पा और राज की शादी किरण के खंडाला स्थित फार्महाउस में होगी। शादी में बॉलीवुड के किसी सितारे को आमंत्रित नहीं किया गया है हालांकि इसके दो दिन बाद होने वाले रिसेप्शन में शिल्पा के ज्यादातर साथी कलाकार मौजूद होंगे।’
बहरहाल, शादी की तारीख इतनी करीब होने से कयास लगाए जा रहे हैं कि फिलहाल बिग बॉस के घर में जमी उनकी छोटी बहन शमिता सगाई की तरह शादी में भी गैरहाजिर रह सकती हैं। हालांकि उम्मीद पर दुनिया कायम है। इस शो का समापन दिसंबर में होगा और शमिता इस शादी में तभी शामिल हो सकती हैं, जबकि वे २२ नवंबर से पहले इस शो से बाहर हो जाएं। खैर, इसकी उल्टी गिनती तो शुरू हो ही चुकी है।
शमिता होंगी आउट!
ऐसा भी सुनने में आया है कि शिल्पा आज बिग बॉस में आधिकारिक तौर पर अपनी शादी की तारीख की घोषणा कर सकती हैं। इसके बाद वह शमिता को लेकर वापस आ जाएंगी। दरअसल शिल्पा नहीं चाहतीं कि शमिता उनकी शादी की तैयारियों से दूर रहें। संभवत: इसीलिए उन्होंने ऐसा करने का मन बनाया है।











