आहट :फिर टीवी पर नाचेंगे भूत
अगर आप भी हॉरर सीरियल के फैन है और टेलीविजन पर भूत-प्रेत-आत्मा देखना पसंद करते हैं तो अब आपको ज्यादा इंतजार नहीं करना होगा। सोनी टीवी पर मशहूर हॉरर शो आहट की बिल्कुल नई सिरीज इसी महीने से शुरू होने वाली है। सीआईडी बनाने वाले प्रोडक्शन हाउस फायर वर्क अपनी इन नई सिरीज के साथ तैयार है और इस नई भूत वाली सिरीज का नाम होगा आहट - ऑल द न्यू सिरीज।
इस शो के टाइटल को लेकर लंबे समय से कशमकश चल रही थी लेकिन आखिरकार दर्शकों को सीरियल से जोड़ने के लिए इसके नाम में आहट को जोड़े रखा गया। यह नई सिरीज पिछले सीरियल आहट से काफी अलग होगा और इसमें होगी तीन कॉलेज स्टूडेंट्स की कहानी जिनके पास है खास ताकतें लेकिन खुद उन्हें भी इनके बारे में नहीं पता होता। बाद में उन्हें अपनी शक्तियों के बारे में पता चलता है और इससे वह लोगों की मदद करते हैं।
13 नवंबर से शुरू हो रहे इस शो को रात 9 या 10 बजे के स्लॉट में शुक्रवार या शनिवार को दिखाया जाएगा। यानी तैयार हो जाइए डर, दहशत और सनसनी से भरे आहट सीरियल के लिए।











