वाशिंगटन. वीडियो स्टोर में क्लर्क एरोन साइबर्स काम के बोझ से इतना परेशान हो चुका था कि उससे बचने के लिए उसने अपनी टांग में ही छुरा घोंप लिया। साइबर्स ने खुद को कुछ और ज्यादा घायल दिखाने के लिए अपने चेहरे तथा पेट पर भी चाकू से घाव बना लिए। उसने बहाना बनाया कि स्टोर में तीन लोगों के साथ उसका झगड़ा हो गया था, जो जाते-जाते उसे जख्मी कर गए।
बाद में साइबर्स को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि उसकी टांग का जख्म बहुत गहरा है। जब स्टोर मालिक की शिकायत पर पुलिस ने शिनाख्त की तो माजरा कुछ और ही निकला। सीसीटीवी में कुछ लोगों द्वारा साइबर्स पर हमले जैसा कोई सबूत नहीं मिला। पुलिस के पूछने पर साइबर्स ने माना कि उसने छुट्टी पाने के लिए खुद को जानबूझ कर घायल किया था।