तेंदुलकर गुवाहाटी में बन सकते हैं 30,000 हजारी
नयी दिल्ली. सचिन तेंदुलकर एकदिवसीय क्रिकेट में सत्रह हजारी बनने के बाद अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नये शिखर 30,000 रन पर पहुंचने के बेहद करीब हैं, जिसके लिये उन्हें केवल 49 रन की दरकार है।
हैदराबाद में यदि तेंदुलकर के एकदिवसीय मैचों में 17,000 रन बनाए तो गुवाहाटी के लोग इस महान बल्लेबाज के 30 हजार रन के पूरा होने पर एक और मील का पत्थर बनने के साक्षी बन सकते हैं ।
तेंदुलकर ने हैदराबाद में आस्ट्रेलिया के खिलाफ 175 रन की बेमिसाल पारी खेली और इस दौरान सात रन पूरे करते ही वन डे में 17 हजार रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज बने। उनके नाम पर अब 435 वन डे मैच में 17,168 रन दर्ज हैं जो कि विश्व रिकार्ड है और इस रिकॉर्ड को तोड़ना फिलहाल किसी भी बल्लेबाज के बस के बाहर दिख रहा है।
रन मशीन सचिन ने इसके अलावा 159 टेस्ट मैचों में 12,773 रन बनाये हैं जबकि उन्होंने जो एकमात्र ट्वेंटी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला उसमें दस रन बनाये । इस तरह से तेंदुलकर के नाम पर 595 अंतरराष्ट्रीय मैचों की 686 पारी में 29,951 रन दर्ज हैं और यदि उनकी हैदराबाद की फार्म बरकरार रही तो फिर वह गुवाहाटी में 49 रन बनाकर 30,000 हजारी बन जायेंगें।










