शिल्पा की शादी का शिड्यूल यहां जानिए
मुंबई. अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी 22 नवंबर को राज कुन्द्रा से शादी करने जा रही हैं। खंडाला के पास एक समारोह में बिल्कुल चुनिंदा लोगों के साथ वह विवाह के बंधन में बंधेगी। शादी शिल्पा के बिजनैस पार्टनर और दोस्त किरण बावा के बंगले पर होगी। संगीत और मेहंदी की रस्म भी उसी बंगले में होगी।
यह जानकारी देते हुए शिल्पा के प्रवक्ता ने बताया कि रस्में पंजाबी और दक्षिण दोनों के हिसाब से पूरी की जाएंगी। 24 को रिसैप्शन का आयोजन किया जाएगा। मशहूर डिजाइनर तरुण तहिलयानी 34 वर्षीया शेट्टी की वैडिंग ड्रैस तैयार करेंगे। कुन्द्रा लंदन के एक स्थापित बिजनैसमैन हैं।
हालांकि उन्होंने एक घर जुहू में भी खरीदा है और वे शादी के बाद मुंबई में ही रहने का प्लान बना रहे हैं। उनकी शिल्पा से पहली मुलाकात लंदन में ही परफ्यूम की लांचिंग के मौके पर हुई थी। 1993 से फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने वाली शिल्पा आजकल एक प्रोड्यूसर के रुप में अपनी फिल्म पर काम कर रही हैं। वह ब्रिटिश शो बिग बी में भाग लेने के बाद सुर्खियों में आईं थीं।










