कुआलालंपुर. मलेशिया में वन्यजीव अधिकारियों ने 59 अजगरों को बचा लिया। इन्हें मार कर इनकी खाल निकाली जाना थी, तथा कुछ को भोजन के तौर पर इस्तेमाल के लिए रेस्तरां में भेजा जाना था।
वाइल्डलाइफ एंड नैशनल पार्क विभाग के एक अधिकारी सहरुद्दीन अनान ने बताया कि पिछले सोमवार को राजधानी के एक वेअरहाउस में छापा मार कर अजगरों को बचाया गया। अनान ने बताया इन अजगरों को बेचा जाना था। वहां हमें अजगरों और छिपकलियों की खालें भी मिलीं। उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
अनान ने बताया अजगर का मांस क्षेत्र के लोग खाते हैं। इनकी खाल से चमड़े का सामान बनाया जाता है। वन्यजीव अधिकारियों ने बताया कि परंपरागत दवाओं के तौर पर इस्तेमाल के लिए, खाने के लिए, खाल से चमड़े का सामान बनाने के लिए मलेशिया में वन्यजीवों की अंधाधुंध तस्करी की जा रही है।