सरेराह गोली मारी
नोहर. कस्बे में आपसी रंजिश के चलते शुक्रवार को एक व्यक्ति को सरेआम गोली मार दी गई। घटना में घायल व्यक्ति को उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे हिसार रैफर कर दिया।
सुरक्षा की दृष्टिगत हथियारबंद दो पुलिसकर्मी घायल के साथ भेजे गए हैं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इस घटना से कस्बे में सनसनी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक परलीका का देवीराम बेनीवाल (55) पुत्र इंद्राज बेनीवाल मोटरसाइकिल पर सवार होकर वार्ड छह स्थित एक मकान में दाखिल हो रहा था तभी एक लाल रंग की टवेरा गाड़ी में सवार होकर आए दो युवकों ने उसे गोली मार दी। एकाएक हुई घटना को जब तक कोई समझता तब तक आरोपी काफी दूर निकल चुके थे।
सूचना मिलते ही डीएसपी नेविल क्लार्क व थाना प्रभारी रणवीर मीणा मय जाब्ता घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए अंतरराज्यीय सीमा पर नाकाबंदी करवाई है तथा अन्य राज्यों से आने-जाने वाले वाहनों की गहनता से जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। इस संबंध में टीमें गठित करके अलग-अलग स्थानों पर भेजी गई हैं। इसके अलावा संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लकर पूछताछ की जा रही है। अस्पताल परिसर में कस्बे के लोग एकत्रीत हो गए। घटना के पीछे अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में कोई मामला दर्ज नहीं हुआ था।










