कक्ड़यार सहकारी सभा का रिकॉर्ड गायब
हमीरपुर. चहेतों को फायदा पहुंचाने के मामले में सुर्खियों में आई कक्ड़यार सहकारी सभा का रिकॉर्ड चोरी होने बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। मामले को लेकर एक पक्ष का कहना है कि दोषियों को बचाने के लिए राजनीतिक दबाव हावी है।
चोरी की घटना के बाद सभा के सचिव सुनील कुमार ने एक दर्जन लोगों सहित सदर थाने में 2 नबंवर को रिपोर्ट दर्ज करवाई कि जब वह सभा के कार्यालय में पहुंचा तो कमरे का ताला टूटा हुआ था और जरूरी रिकॉर्ड गायब था। नई कमेटी के प्रधान जगदेव चंद, सदस्य रामसिंह, वीरबल कुमार, संजीव शर्मा, केहर सिंह, बहादुर सिंह और आर.सी. डोगरा का आरोप है कि शिकायत करने के बाद पुलिस ने उनकी एफआईआर दर्ज नहीं की, लेकिन सहकारी पंजीयक विभाग के कहने पर एफआईआर दर्ज हो गई, हालांकि वह शिकायत 5 नबंवर को करवाई गई।
उनका आरोप है कि जिन लोगों ने यह रिकॉर्ड चोरी किया है कि उन्हे राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है। शुक्रवार को लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल सदर थाने में इंवेस्टीगेशन ऑफिसर से मिला और मामला दर्ज करने की बात कही। उन्होंने कहा कि उनका मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच चल रही है। एसएचओ रामदयाल का कहना है कि लोगों का आरोप गलत है। एफआईआर दर्ज कर जांच जारी है।










