बैंककर्मियों पर कॉमरेड हुए लाल
शिमला. भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की जिला कमेटी ने शुक्रवार को एसबीआई की मुख्य शाखा के सामने धरना प्रदर्शन किया। धरने का आयोजन एसबीआई अधिकारियों के एक वर्ग द्वारा ग्राहकों के साथ लगातार हो रहे र्दुव्यवहार के विरोध में किया गया।
जिला सचिव संजय चौहान ने कहा कि सीपीआईएम बैंकिंग सिस्टम के निजिकरण का विरोध करता है। उन्होंने कहा कि यह दु:ख की बात है कि एसबीआई के शिमला शाखा का एक अधिकारी वर्ग प्राइवेट बैंकों के साथ मिलकर उनके व्यवसाय को बढ़ाने के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने इन अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि ये ग्राहकों को बैंक में खाता बंद करने के लिए बाधित करते है और यहां आने वाले ग्राहकों के साथ अभद्र भाषा प्रयोग करते है।
इसके बाद ये अधिकारी इन ग्राहकों की सूची को प्राइवेट बैंक को देते है। प्राइवेट बैंक इन ग्राहकों से खाते खोलने के बारे में बताते हैं। चौहान ने कहा कि पार्टी ने ऐसे बैंक अधिकारियों के चेहरे से नकाब उठाने का फैसला लिया है जो प्राइवेट बैंकों के लिए कार्य कर रहे हैं। इन अधिकारियों की एक सूची एसबीआई के चेयरमैन को दी जाएगी।
उन्होंने कहा बैंक के कई अधिकारी रिश्वत लेने के आदी हो चुके है पार्टी ऐसे अधिकारियों की भी पोल खोली जाएगी। इस मौके पर पूर्व विधायक राकेश सिंघा ने भी लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यदि बैंक ने अपना रवैया न बदला तो वे लोगों को संगठित कर संघर्ष और तेज करेंगे। आने वाले दिनों में भी उनका संघर्ष जारी रहेगा।










