कंडा जेल के कैदियों ने आरोपी को पीटा
शिमला. कंडा जेल में न्यायिक हिरासत में आए आरोपी की कैदियों ने धुनाई कर डाली। यह घटना जेल वार्डन के सामने हुई लेकिन किसी ने उसे बचाने की कोशिश नहीं की। मारपीट की सूचना मिलने पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मारपीट करने वालों की छानबीन शुरू कर दी है।
चेक बाउंस मामले में है आरोपी
जानकारी के अनुसार पुलिस लाइन कैथू में बतौर कुक तैनात प्रकाश चंद ठाकुर को शिमला के कोर्ट नंबर 6 ने चेक बाउंस होने के आरोप में 4 नवंबर को न्यायिक हिरासत में भेजा था। बुधवार को जैसे ही प्रकाश चंद को कंडा जेल भेजा गया उसके बाद ही जेल के अंदर कैदियों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में प्रकाश चंद ने कहा कि जेल के अंदर जाने के बाद बीर सिंह और उसके कुछ साथियों ने जेल वार्डन के सामने उसकी पिटाई शुरू कर दी। 4 नवंबर शाम को हुई इस घटना के बाद प्रकाश ने जेल इंचार्ज से मेडिकल करवाने की अनुमति मांगी थी लेकिन 5 नवंबर शाम को उसे मेडिकल करवाने के लिए भेजा गया। पुलिस के अनुसार मेडिकल में साफ हुआ है कि प्रकाश चंद को काफी चोटें आई हैं। पुलिस ने बीर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।










