संदिग्ध मरीज के सैंपल की दोबारा जांच
लुधियाना. डीएमसी में उपचाराधीन स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीज कुणाल करण के सैंपल ने सेहत विभाग को उलझा दिया है। मरीज के सैंपल की जांच शुक्रवार को हो गई लेकिन दुविधा की वजह से विभाग रिपोर्ट तैयार नहीं कर सका। अब शनिवार को सैंपल की दोबारा टेस्टिंग की जाएगी। उधर, मरीज अभी डीएमसी अस्पताल में ही उपचाराधीन है। कुणाल को खांसी व सांस में तकलीफ की वजह से डीएमसी अस्पताल दाखिल कराया गया था।
यहां उसमंे स्वाइन फ्लू की आशंका होने पर वीरवार को सैंपल लिया गया था। स्टेट नोडल अफसर डा. दीपक भाटिया के मुताबिक पीजीआई प्रबंधन ने बताया है कि उन्हें मरीज के पहले सैंपल में कुछ आशंका है, इसलिए उसका दूसरी बार टेस्ट किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लुधियाना के अधिकारियों को फिलहाल मरीज का संदेह के आधार पर ट्रीटमेंट जारी रखने को कहा गया है।
उधर, स्वास्थ्य विभाग ने पंजाब में 105 मरीजों के डेंगू पीड़ित होने की आधिकारिक तौर पर पुष्टि कर दी है। डा.दीपक भाटिया ने कहा कि फिलहाल तापमान डेंगू के लिए फेवरेबल चल रहा है। इसमें लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। इसी बीच लुधियाना में अपोलो अस्पताल में डेंगू का एक मरीज सामने आया है।










