अब प्यार के इजहार से मत डर यार
चंडीगढ़. किसी से करना हो अपने प्यार का इजहार तो अब मत डर यार। ना थप्पड़ लगने का डर और न सैंडल का रिस्क। और यह सब होगा ‘इन बाक्स’ के जरिये। शुक्रवार को पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज में वार्षिक कार्यक्रम ‘पेक फेस्ट 09’ शुरू हुआ। इसमें इस साल की तरह एक काफी रोचक कार्यक्रम हैं जिसमें छात्र सबसे ज्यादा रुचि दिखा रहे हैं। वह है ‘इन बॉक्स’ सर्विस।
इस फेस्ट में छात्रों ने ही मिलकर यह सर्विस शुरू की है। इसके सदस्य अब आपके लव लेटर को आपकी गर्लफं्रेड या बॉयफं्रेड या जिसे आप चाहते हैं, उस तक पहुंचाएगे। हालांकि इस सर्विस के वे कुछ पैसे जरूर लेंगे। लेकिन यह खत पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ने वाले स्टूडेंट्स तक ही पहुंचाए जाएंगे। ‘इन बाक्स’ की टीम दो दिलों को करीब लाने में मदद कर रही है और अलग- अलग फीस पर अलग अलग सुविधा भी दे रही है।
इसके लिए बस आपको चुनना है कि आप अपना पत्र गुलाब के साथ या गुलदस्ते या फिर ग्रिटिंग कार्ड में से किसके साथ भेजना चाहते हैं। जिसे खत भेजना हो उसका नाम, पता मोबाइल नंबर के साथ दें। साथ उस पर अपना नाम भी लिखें। इसके बाद तुरंत इनबॉक्स टीम आपके पत्रों आपकी चाहत तक पहुंचाती है। कई लड़कियों को तो यह खत फेस्ट में ही मिल गए। कुछ सबके सामने लेटर पाकर शर्माए तो कुछ ने खत टुकड़े-टुकड़े कर डाले।
इंजीनियरों ने दिखाया दम-खम
पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज के भावी इंजीनियर पढ़ाई के साथ कई कलाओं और प्रतिभाओं में भी माहिर हैं। इस बात का पता पेक फेस्ट-09 को देखकर ही पता चलता है। तीन दिनों तक चलने वाले इस फेस्ट के पहले दिन ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों से लेकर मनोरंजनात्मक कार्यक्रमों की झलक दिखी।
बेहतरीन नाटकों से विद्यार्थियों ने धमाकेदार उपस्थिति दर्ज कराई। साथ ही परंपरागत और वेस्टर्न कपड़ों में रैंप पर छात्राओं ने जलवे बिखेरे। ‘ड्रामा रामा’ के माध्यम से आतंकवाद, मंदी की दौर, कन्या भ्रूण हत्या जैसी ज्वलंत मुद्दों को लधु नाटिका के माध्यम से प्रदर्शित किया। कार्यक्रम में पांच कॉलेजों की टीमों ने हिस्सा लिया।
जिसमें पहला स्थान गवर्नमेंट कॉलेज फॉर मेन सेक्टर-11 की टीम ने प्राप्त किया, दूसरा स्थान एमसीएम कॉलेज की टीम ने। वादविवाद में ‘ थिंक इंडिया थिंक’ में भारत के भविष्य पर चर्चा की गई। वहीं ‘फेस पेंटिंग‘ में किसी ने अपने चेहरे पर भारत का नक्शा बनाया तो देश के झंडे का। ‘पेंट बॉल’ गेम में रंग से भरी बंदूक से छात्रों ने होली खेली।










