कटारिया ने ली मतदान प्रभारियों की क्लास
उदयपुर. भारतीय जनता पार्टी के पार्षदोंे का पैनल तैयार करने की कवायद पार्टी कार्यालय में शुरू हो गई है। वार्डो में श्रेष्ठ पार्षद उम्मीदवार के लिए कराए गए मतदान के प्रभारियों व सहप्रभारियों की शहर विधायक गुलाबचंद कटारिया ने शुक्रवार को लंबी क्लास ली।
हालांकि पैनल अभी तैयार नहीं हुए हैं। शनिवार शाम तक इस प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा।नगर परिषद चुनाव के लिए भाजपा ने चुनाव संहिता बनाकर श्रेष्ठ व योग्य उम्मीदवार के चयन के लिए सभापति व पार्षदों के लिए कार्यकर्ताओं से वोटिंग करवाई।
यह प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद शनिवार को सुबह आठ बजे ही शहर विधायक गुलाबचंद कटारिया ने पटेल सर्किल स्थित पार्टी कार्यालय पर पहुंच गए। उसके बाद पर्यवेक्षक हरिओमसिंह, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष ताराचंद जैन, उपाध्यक्ष प्रो. राजेंद्र बोर्दिया, लोकेश द्विवेदी, महावीर भगोरा, सभापति रवींद्र श्रीमाली और मांगीलाल जोशी वहां पहुंचे।
सभी वार्डो में श्रेष्ठ उम्मीदवार चयन के लिए मतदान प्रक्रिया पूर्ण कराने के लिए प्रभारी व सहप्रभारियों की टीमें बनाई गई थी। उन टीमों को बुलाकर मतदान के संबंध में उनसे चर्चा की गई। इन टीमों द्वारा बनाए गए पैनल को लेकर प्रभारियों व सह प्रभारियों से सवाल—जवाब किए गए। इन टीमों से तीन—तीन दावेदारों का पैनल बनाने के लिए कहा गया था। शाम साढ़े सात बजे तक चली बैठक में सभी वार्डो के प्रभारियों से चर्चा करने के बाद निर्णय लिया गया कि प्रत्येक वार्ड से पार्षद के दो नामों का पैनल भेजा जाएगा।सभापति के लिए भी दो नामों को पैनल भेजा जाएगा। इसके बाद जयपुर से सभापति व पार्षद दावेदारों के नाम घोषित किए जाएंगे।










