पूर्व डिप्टी सीएम के गार्ड ने की खुदकुशी
चंडीगढ़. पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता बलरामजी दास टंडन के सेक्टर 18 स्थित आवास पर कांस्टेबल अमरीक सिंह ने शुक्रवार सुबह आत्महत्या कर ली। आईआरबी की दूसरी बटालियन के कांस्टेबल 35 वर्षीय अमरीक ने खुद को सरकारी एसएलआर से गोली मार ली।
घटना के वक्त बलरामजी और उनका बेटा संजय घर पर नहीं थे। टंडन के घर पर सुरक्षा में तैनात अमरीक ने यह कदम क्यों उठाया इसका खुलासा नहीं हो पाया है। गार्ड इंचार्ज रघुनाथ ने बताया कि अमरीक सिंह वीरवार सुबह ही एक दिन की छुट्टी के बाद घर से डच्यूटी पर आया था। देर रात उसने अन्य सुरक्षाकर्मियों के साथ क्रिकेट मैच देखा।
शुक्रवार सुबह कुछ गार्ड चाय पी रहे थे, जबकि अमरीक कोठी पर तैनात था। 6.30 बजे अमरीक ने अपनी एसएलआर गले में लगाकर पैर से ट्रिगर दबाया। यह गोली उसके कान से छूते हुए दीवार पर जा लगी। आवाज सुन दूसरे गार्ड मौके पर पहुंचे ही थे, कि अमरीक ने दोबारा ट्रिगर दबाया और गोली उसके गले से होते हुए मुंह से निकल गई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर बलरामजी और संजय टंडन घर पहुंचे। पुलिस को खबर दी गई। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। बताया गया कि मूल रूप से होशियारपुर के अमरीक को कोई घरेलू परेशानी थी। अमरीक के एक बेटा और बेटी है।










