..जब धुएं से ढक गया शहर
पटियाला. पटियाला शहर में शुक्रवार की शाम सूरज ढलते ही अजीब तरह का धुआं पूरे वातावरण में भर गया। धुआं इतना ज्यादा था कि घरों में भी घुसने लगा था और आंखों में लगने लगा। शहर में अजीब तरह के धुएं की चादर बिछी होने के कारण किसी अनहोनी की आशंका से जब फायर ब्रिगेड को फोन कर पूछा गया तो फायर ब्रिगेड कर्मियों ने बताया कि यह पराली जलाए जाने का धुआं है।
किसान दिन में पराली जलाने से बचते हैं इस कारण वह शाम ढलते ही खेतों में पराली जलाने लगते हैं। वहीं, पराली के धुएं के कारण शहर का वातावरण बुरी तरह प्रदूषित हो रहा है, जबकि प्रशासन की ओर से इसे गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। इतना ही नहीं, सर्दियों का मौसम होने के कारण जब यह धुआं कोहरे के साथ मिल जात है तो सड़कों पर भी भीषण धुंध छा जाती है जिससे सड़क दुर्घटनाएं होने की भी संभावना बनी रहती है।
उधर, माहिर डाक्टरों का कहना है कि वातावरण में इतना धुआं बच्चों व बुजुर्गो के अलावा सांस के मरीजों के लिए जानलेवा है। स्वस्थ व्यक्ति भी इस धुएं की चपेट में आकर गंभीर रोगी बन सकता है।










