अब परदे में रहेगी प्रिया
भोपाल. जानवरों को सर्दी से बचाने के लिए वन विहार प्रबंधन द्वारा उनके हाउसिंग में परदे लगाए जा रहे हैं। कमजोर सेहत के चलते फिलहाल तीन जानवरों के हाउसिंग में परदे लगा दिए गए हैं। इनमें बीमार बाघिन प्रिया भी शामिल है। राजधानी का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास आने परशेष जानवरों के हाउसिंग में भी परदेलगाए जाएंगे।
बुढ़ापे की दहलीज पर खड़े वन विहार नेशनल पार्क के जानवरों को ठंड से बचाने की कवायद की जा रही है। बूढ़े हो चुके और बीमारी से कमजोर हुए जानवरों की विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। रात में गश्त करने वाले कर्मचारियों को भी जानवरों की गतिविधियों पर ध्यान रखने के लिए कहा गया है। बाघिन प्रिया पिछले दिनों से बीमार चल रही है। उसके किडनी और गर्भाशय में संक्रमण हो गया है। इस कारण उसका विशेष ख्याल रखा जा रहा है।
प्रिया 18 मई-06 को जयपुर चिड़ियाघर से भोपाल लाई गई है। उसके हाउसिंग में त्रिपाल का परदा लगाया गया है। 12 फरवरी-1992 में इंदौर चिड़ियाघर से लाई गई रेहाना (लॉयन) का स्वास्थ्य भी नरम-गरम चल रहा है। ऐसे ही दौर से गुजर रहा है लॉयन अकबर। 22 अक्टूबर-06 को कोरबा से लाए गए अकबर का स्वास्थ्य भी नरम ही रहता है। दोनों के हाउसिंग में परदे लगा दिए गए हैं।
दिसंबर में लगेंगे परदे
अन्य जानवरों के हाउसिंग में दिसंबर में परदे लगाए जाएंगे। दरअसल राजधानी का न्यूनतम तापमान दिसंबर में ही 10 डिग्री के आसपास पहुंचता है। ऐसे में बड़ी झील के पानी से टकराकर आने वाली हवा से पार्क में ठंडक बढ़ जाती है। शीतलहर से जानवरों को बचाना प्रबंधन के सामने बड़ी चुनौती रहती है।
सेहत में हो रहा है सुधार, नियमित खाने लगी खाना
किडनी एवं गर्भाशय में संक्रमण के कारण बीमार बाघिन प्रिया की हालत में अब सुधार है। अल्ट्रासाउंड सोनोग्राफी के माध्यम से बीमारी की पहचान कर प्रिया का इलाज शुरू कर दिया गया है। उसे नोरफ्लॉक्स टीजेड नामक दवा दी जा रही है, जिससे उसके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है और अब वह नियमित रूप से खाना भी खाने लगी है। ज्ञात हो कि प्रिया के व्यवहार में पिछले एक माह से परिवर्तन देखा जा रहा था। वह माह में दस दिन भी ठीक से खाना नहीं खा रही थी।
कमजोर स्वास्थ्य वाले जानवरों के हाउसिंग में परदे लगा दिए गए हैं। शेष जानवरों की हाउसिंग में तापमान 10 डिग्री के आसपास आने पर परदे लगाए जाएंगे।
एके खरे, डिप्टी डायरेक्टर वन विहार नेशनल पार्क










