काम करने वाले को मिलेगा दाम
अमृतसर. शुक्रवार को अमृतसर दौरे पर आए पंजाब युवा कांग्रेस के प्रधान रवनीत सिंह बिट्टू ने जहां अपने युवा कमांडरों का वजूद टटोला, वहीं वरिष्ठ कांग्रेसी पार्षद और इंडियन फूड इंडस्ट्रीज (नार्थ जोन) के चेयरमैन गुरजीत सिंह औजला के निवास पर जाना भी नहीं भूले। उन्होंने वहां पर औजला के अलावा विधायक ओपी सोनी के भतीजे विकास सोनी से संगठन की कारगुजारी की जानकारी भी ली।
इतना ही नहीं, उन्होंने युवाओं को उनके काम पर मिलेगा दाम का पाठ भी बखूबी पढ़ाया। मजीठा—वेरका बाइपास स्थित सैमरॉक रिजोर्ट में लगे युवा कांग्रेस के ट्रेनिंग कैंप में जिला युवा कांग्रेस शहरी और देहाती के डेलीगेटों की कम संख्या को देख उन्हें हैरानी हुई। बेशक कैंप से मीडिया को दूर रखा गया, लेकिन सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शहरी के 132 में से सिर्फ 37 और देहाती के 105 में से 29 डेलीगेट्स ही वहां पहुंचे।
इससे साबित हो गया कि जिले के तीन चौथाई डेलीगेटों को युवा कांग्रेस से कोई लेना देना नहीं है। अभी तक सरकारी अधिकारियों पर निशाना साधने वाले जिला कमांडरों को भी अहसास हो गया होगा कि उनकी संगठन पर कितनी पकड़ है। बिट्टू युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव में अहम भूमिका निभा चुके औजला से मौजूदा स्थिति पर गंभीरता से विचार करके उन्हें हर हलचल पर नजर रखने और विकास सोनी से भी एक्टिव होने को कहा।
पता चला है कि बिट्टू ने जिला आकाओं को अंदर ही अंदर संकेत दे दिया है कि भले ही उनकी नियुक्ति लोकतांत्रिक ढंग से हुई है, लेकिन उनकी कारगुजारी की समीक्षा हर कदम पर हो रही है। जो काम करेगा, वहीं कुछ कमा जाएगा। विधानसभा चुनाव में वहीं टिकट के हकदार होंगे, जो बयानबाजी से ऊपर उठकर कुछ करने का दम रखते होंगे।
डच्यूटी से कोताही बरतने वाले को हटाने में देर भी नहीं लगेगी। युवा कांग्रेस में फैली गुटबंदी पर भी उन्होंने सख्त एतराज जताया। इस मौके पर औजला ने बिट्टू को सम्मानित किया। कार्यक्रम में युवा नेता सुख गुमटाला, परमजीत सिंह चोपड़ा, सौरव मिट्टू मदान, परमजीत सिंह बतरा, शाम महाजन, मनीश रोंपी, राजेश कुमार सहित कई लोग उपस्थित थे।
चुनाव से बने प्रधान
पंजाब युवा कांग्रेस के प्रधान रवनीत सिंह बिट्टू ने पंजाब कांग्रेस के प्रधान को मनोनीत करनी की बजाय उसके लोकतांत्रिक ढंग से चुनाव करवाने की वकालत कर नया मुद्दा छेड़ दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को पंजाब कांग्रेस की कमान सौंपने के लिए कई विधायक और पूर्व विधायक दिन रात दिल्ली दरबार में लाबिंग कर रहे हैं।
ऐसे में बिट्टू ने यह कहकर कैप्टन के खिलाफ अपनी आवाज धीमे शब्दों में उठा दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस तरह युवा कांग्रेस में ब्लाक स्तर पर चुनाव हुए हैं, उसी तरह मुख्य संगठन को भी चलना चाहिए। 31 दिसंबर को भर्ती पूरी होने के बाद चुनावी प्रक्रिया अपनाने से पार्टी मजबूत होगी, वहीं धड़ेबंदी पर भी लगाम कसी जाएगी।










