7 किडनियां बचाएंगी अपनों की जान
अमृतसर. किडनी आपरेशन की मंजूरी देने वाली आथरेराइजेशन कमेटी ने शुक्रवार को सात किडनी ट्रांसप्लांट को मंजूरी दे दी है। इन सभी को आधी मंजूरी पिछले सप्ताह की ही मीटिंग में मिल गई थी, मगर सभी सदस्यों के न होने पर इसे पूरी मंजूरी नहीं माना गया।
शुक्रवार की मीटिंग में चेयरमैन डा. आरपीएस बोपाराय सहित पांचों सदस्य डा. शिवचरण, सिविल सर्जन की ओर से सहायक सिविल सर्जन हरजीत सिंह कोछड़, एसएसपी की तरफ से एसपी डी हरजीत सिंह बराड़ और डीसी की तरफ से सैनिक वैलफेयर बोर्ड के डिप्टी डायरैक्टर कर्नल जेडीएस भुल्लर मौजूद थे।
कमेटी चेयरमैन डा. बोपाराय ने बताया कि सातों केसों के आपरेशन जालंधर के किडनी अस्पताल, पठानकोट के रवि अस्पताल और जालंधर के न्यू रूबी अस्पताल में होंगे। सातों केसों में ब्लड रिलेशन में किडनियां दी जा रही हैं। इनमें जालंधर कैंट निवासी प्याराचंद की जान बचाने के लिए उसकी मां सोमादेवी किडनी दे रही है।
खडूर साहिब की मजीदा बेगम बेटे सन्नी की सांसें बचाने के लिए अपनी किडनी दे रही है। गुरदासपुर की गुरबचन कौर बेटे भूपिंदर सिंह और पठानकोट की कमलेश देवी बेटे महिंदर को किडनी दे रही है।
जालंधर की अमनदीप कौर पति बलजीत सिंह और बलविंदर कौर पति रतन सिंह की जान बचाने के लिए अपनी किडनी दे रही हैं। वल्ला के अतरदीन को उसका भाई साहू किडनी देगा।










