सड़क दुर्घटनाओं में तीन की मौत
बीकानेर/नोखा/नाल/श्रीडूंगरगढ़जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में युवक व दो बच्चों की मौत हो गई। श्रीडूंगरगढ़ में बस पलटने से 23 जने घायल हो गए।
रोडवेज बस की चपेट में आए बच्चे : नोखा में गुरुवार की देर रात को रोडवेज बस की चपेट में आने से दो बच्चों की मौत हो गई। एसएचओ इस्लाम खां ने बताया कि गुरुवार की रात को जैसलसर निवासी पूराराम मेघवाल अपनी पत्नी व चार बच्चों के साथ कार में सवार होकर गजनेर ईंट-भट्टों पर काम के लिए जा रहा था।
रात को करीब एक बजे रीको इंडस्ट्रियल एरिया के पास सामने से आ रहे ट्रक ने कार को टक्कर मार दी जिससे कार में सवार लोगों को मामूली चोटें आईं। दुर्घटना के बाद पूराराम व उसके बीवी-बच्चे सड़क के किनारे खड़े थे।
इस दौरान बीकानेर से जोधपुर की ओर जा रही एक रोडवेज की अनुबंधित बस ने वहां खड़े धमेन्द्र (8) व सुशीला (10) को चपेट में ले लिया। धर्मेन्द्र की मौके पर ही मौत हो गई और सुशीला ने शुक्रवार को सुबह पीबीएम अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने ट्रक और बस को जप्त कर लिया है। बस चालक कूदसू निवासी रामकिसन बिश्नोई को गिरफ्तार कर लिया।
ट्रकों की भिड़ंत में चालक की मौत - नाल रोड पर मदरसे के पास दो ट्रकों की भिड़ंत में एक चालक की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। घायलों को पीबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
नाल पुलिस चौकी के इंचार्ज एएसआई रामप्रसाद ने बताया कि टमाटर से भरा एक ट्रक गुजरात से बीकानेर मंडी जा रहा था। जिप्सम से भरा एक अन्य ट्रक बल्लर से नाल गांव की ओर जा रहा था। शुक्रवार को सुबह करीब चार बजे नाल रोड पर मदरसे के पास टमाटर से भरे ट्रक ने ऊंटगाड़े को पीछे से टक्कर मारी और फिर सामने से आ रहे जिप्सम से भरे ट्रक से जा भिड़ा।
भिड़ंत इतनी जबर्दस्त थी कि जिप्सम से भरे ट्रक के चालक हनुमानगढ़ की रावतसर तहसील निवासी मुखराम जाट (25) की मौके पर ही मौत हो गई। टमाटर से भरे ट्रक में सवार जोधपुर निवासी शंकरलाल बिश्नोई व श्रवणकुमार बिश्नोई घायल हो गए जिन्हें पीबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। ट्रक की टक्कर से ऊंटगाड़ा क्षतिग्रस्त हो गया और उस पर सवार बज्जू निवासी पप्पूराम बिश्नोई दूर जा गिरा। पप्पूराम को मामूली चोटें आईं। जिप्सम से भरे ट्रक के खलासी बंगला नगर निवासी मनोहरलाल जाट की ओर से गंगाशहर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।
बस पलटने से 23 जने घायल : डेलवां से श्रीडूंगरगढ़ रूट पर चलने वाली एक निजी बस शुक्रवार को पलट गई। बस पलटने से २९ ग्रामीणों व विद्यार्थियों को चोटें आई है वहीं तीन लोग गंभीर घायल है। सुबह करीब पौने दस बजे हुई दुघर्टना में बस पलटने से यात्री बस में ही फंस गए जिन्हें बस की छत पर बैठे यात्रियों ने बस की खिड़कियों के कांच तोड़ कर बाहर निकाला। बस पलटने की सूचना मिलते ही डेलवा व गुसाईंसर गांव के ग्रामीण अपने अपने वाहन लेकर घटना स्थल पर पहुंचे तथा घायलों को श्रीडूंगरगढ़ अस्पताल पहुंचाया।
एक साथ इतने घायलों के पहुंचने पर अस्पताल में एक बार अफरा-तफरी मच गई। घायलों के लिए चिकित्सालय में बैड भी कम पड़ गए। सभी चिकित्सक घायलों की चिकित्सा में जुट गए। घटना में डेलवां निवासी पवन १७, भींयाराम १६ व चौथूराम ५क् को गंभीर रूप से घायल होने पर प्राथमिक उपचार के बाद पीबीएम अस्पताल बीकानेर रेफर कर दिया गया। पुलिस थानाधिकारी शिवचंद ने बताया कि डेलवा निवासी भंवरलाल ने पर्चा बयान पर बस चालक मनोज कुमार के खिलाफ लापरवाही व गफलत से बस चलाने के आरोप में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने बस को जप्त कर लिया है।










