दीवारों पर लिखा तो खैर नहीं
अमृतसर. मेयर श्वेत मलिक ने दीवारों पर विज्ञापन लिखने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि शहर की सुंदरता पर किसी को ग्रहण नहीं लगाने दिया जाएगा। भारी खर्च करके दीवारें पेंट करवाई गई हैं, लेकिन रात के अंधेरे में विज्ञापन वाले इन्हें पोत देते हैं। दीवारों पर विज्ञापन लिखने वालों पर भविष्य में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मलिक ने शुक्रवार को वार्ड नंबर 54 में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि शहर की सुंदरता के मद्देनजर पहले बैनरों, पोस्टरों पर रोक लगाई गई है। इसके बाद रेहड़ियों पर बोरियां लगाने के अभियान को भी अमलीजामा पहनाया जा चुका है, लेकिन दीवारों पर विज्ञापन लिखने वाले अभी भी बाज नहीं आ रहे।
उन्हें अंतिम चेतावनी दी गई है कि अगर वे शहर की सुंदरता को खराब करने से बाज न आये तो बख्शा नहीं जाएगा। इस अवसर पर पार्षद सुखदेव सिंह चाहल, गुर¨दर सिंह टिंकू, संदीप कुमार, राजकुमार, प्रदीप कुमार, पलविंदर आदि मौजूद रहे।










