हाइकोर्ट के लिए राजमार्ग जाम
बीकानेर. संभाग मुख्यालय पर हाईकोर्ट बैंच की मांग को लेकर वकीलों और अन्य संगठनों के कार्यकर्ताओं ने आंदोलन की संभागीय संघर्ष समिति के बैनर तले शुक्रवार को जयपुर बाइपास चौराहा पर जाम लगाया गया।
जाम के दौरान वाहनों की करीब आधा किलोमीटर लंबी लाइन लग गई। वकीलों ने सतर्कता समिति के प्रभारी गणोश चौधरी और सुरेन्द्रपाल शर्मा के नेतृत्व में जाम लगाया। जाम के दौरान वकीलों ने राजमार्ग के बीच में टायर जलाए और सरकार विरोधी नारे लगाए।
जाम की सूचना पर सीओ सदर सरजीत मीणा पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंच गए। मौके पर आरएसी भी तैनात की गई। वाहनों की लम्बी लाइन लगने और लोगों के परेशान होने पर सीओ सदर ने अधिवक्ताओं से वार्ता कर जाम हटाने की अपील की। जाम के दौरान बाइपास के पास स्थित हिम्मतासर रोड पर भी नरेगा योजना के कार्यस्थल पर जा रहा पानी का टैंकर वाहनों के बीच में ही फंस गया। इस कारण मौके पर काम कर रहे नरेगा श्रमिकों को पीने के पानी के लिए घंटो इंतजार करना पड़ा।
जाम के दौरान परीक्षार्थियों, डॉक्टर और मरीजों को ले जा रहे वाहनों को नहीं रोका गया तथा आपातकालीन सेवाओं जैसे एम्बूलेंस, अग्निशमन आदि को मुक्त रखा गया। जाम के दौरान जनकिसान पंचायत के जयनारायण व्यास, भाजपा के युधिष्ठिरसिंह भाटी, राजस्थान जाट महासभा के जिलाध्यक्ष तोलाराम भादू, कांग्रेस के शिवलाल गोदारा आदि ने वकीलों का साथ दिया।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय पुरोहित ने बताया कि आंदोलन के अगले चरण में अलग-अलग दिन राजमार्ग सहित विभिन्न मार्गो पर जाम लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसी माह आंदोलनकारी अधिवक्ता जयपुर जाएंगे और राज्यपाल व मुख्यमंत्री के समक्ष प्रदर्शन करेंगे।










