महंगाई की 270 अर्थियां निकालीं
भोपाल. राजधानी की सड़कों पर शुक्रवार को जगह-जगह अर्थियां निकाली जा रही थीं, मगर इनमें शामिल लोगों के चेहरों पर गम के बजाय आक्रोश था। महंगाई और आतंकवाद के खिलाफ नारेबाजी करते ये लोग दरअसल भाजपा के कार्यकर्ता थे।
इनके हाथों में महंगाई के खिलाफ तख्तियां और कंधों पर केंद्र सरकार की प्रतीकात्मक अर्थियां थीं, जिनको उन्होंने चौराहों पर जलाया। बढ़ती महंगाई को लेकर भाजपा ने भोपाल के 12 मंडलों पर केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन किया। घोषित कार्यक्रम के मुताबिक प्रत्येक मंडल में वार्ड स्तर पर कार्यकर्ताओं को महंगाई और आतंकवाद की अर्थियां निकालना थीं।
अरेरा मंडल में पार्टी के जिला अध्यक्ष आलोक संजर, टीटी नगर में बीडीए अध्यक्ष सुरेंद्र नाथ सिंह, चौक में पूर्व विधायक रमेश शर्मा गुट्टू, स्टेशन पर सत्यार्थ अग्रवाल, बरखेड़ी में पार्षद पप्पू विलास, बुधवारा में दिनेश पांडे, शाहजहांनाबाद में पूर्व पार्षद महेश मकवाना, बस स्टैंड पर पार्षद विष्णु राठौर, संतनगर में बसंत भर्रानी, करोंद में पार्षद तुलसा वर्मा, भेल पूर्वी मंडल में संतोष व्यास और भेल पश्चिम मंडल में आनंद राव पांडे के नेतृत्व में प्रदर्शन किए गए। भाजपा वार्ड 45 स्टेशन मंडल द्वारा कैपिटल-पेट्रोल पंप चौराहे पर अर्थी निकालकर प्रदर्शन किया गया और जिंसी चौराहे पर पुतला दहन किया गया।
बोर्ड ऑफिस पर लगा जाम
पूरे शहर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने करीब 270 स्थानों पर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन के लिए महंगाई और आतंकवाद की अर्थियां निकालीं। बोर्ड ऑफिस के सामने निकाली गई अर्थी की वजह से दोपहर में जाम की स्थिति बन गई। यहां भाजपा के प्रदेश मंत्री रामेश्वर शर्मा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता अर्थी लेकर पहुंचे थे।










