महाराष्ट्र में म.प्र. की बसें निशाने पर आवागमन बंद
इंदौर. मध्यप्रदेश की बसों में महाराष्ट्र के शहरों में हो रही तोड़फोड़ और चालकों से मारपीट के मद्देनजर सड़क परिवहन निगम से अनुबंधित महाराष्ट्र जाने वाली बसों का संचालन बंद कर दिया है। सरवटे बस स्टैंड प्रभारी दिनेश पटेल ने बताया 30 अक्टूबर से लगातार मप्र की बसों और चालक-परिचालकों को निशाना बनाया जा रहा है।
इसकी पुलिस रिपोर्ट भी की गई है, लेकिन मामला नहीं सुलझने से बसों का संचालन बंद करने का निर्णय लेना पड़ा। महाराष्ट्र में सरकार गठन की प्रक्रिया चल रही है इसलिए निकट भविष्य में मामला सुलझने के कोई आसार नहीं दिखते। श्री पटेल ने बताया महाराष्ट्र राज्य परिवहन द्वारा मप्र की बसों का संचालन भी पिछले हफ्तेभर से बंद है।
मप्र से रोज 10 बसें जालना, शिर्डी, अकोला, शिरपुर, पुणो और धुलिया जाती हैं, महाराष्ट्र परिवहन निगम की 14 बसें मप्र में आती हैं। प्रभारी ने बताया इंदौर कलेक्टर की ओर से बाहर से आने वाली बसों को स्टैंड परिसर में खड़ा करने के निर्देश पहले ही दे दिए गए हैं।










