नई उम्मीद का सवेरा
इंदौर. शुक्रवार रात आठ बजे झिलमिलाती रोशनी के बीच प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की उपस्थिति में शहर की सांस्कृतिक धरोहर रवींद्र नाट्यगृह के नवश्रंगारित स्वरूप का बेहद सादगी भरे समारोह में लोकार्पण हुआ। रवींद्र नाट्यगृह के बदले स्वरूप को देख मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा आज एक संकल्प और सपना साकार हुआ है।
इससे नई उम्मीद और विश्वास जागा है कि समाज और समाजसेवी ठान लें तो कोई भी काम असंभव नहीं है। स्व. उत्तमचंद पोरवाल कला विथिका का उद्घाटन भी किया गया। रजत जयंती वर्ष में दैनिक भास्कर ने आओ सारे इंदौर संवारें अभियान के तहत रवींद्र नाट्यगृह के कायाकल्प का संकल्प लिया था।
जो शुक्रवार को कायाकल्प सोसायटी के प्रयासों से साकार हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा रवींद्र नाट्यगृह की हालत मैंने देखी थी, जिसमें फटी सीटें चरमराती थीं। भास्कर के प्रयासों से बदले स्वरूप को देखकर कह सकता हूं कि शायद सरकार भी रवींद्र नाट्यगृह को इतना सुंदर नहीं बना सकती थी। उन्होंने कहा सरकार के भरोसे सारे काम नहीं हो सकते। जनता की मानसिकता बन गई है कि सारा काम सरकार करे।
हालांकि वोटों की राजनीति के चलते यह धारणा सरकारों ने ही बनाई है लेकिन सरकार के साथ अगर जनता हो जाए तो पूरे प्रदेश के कायापलट में देर नहीं लगेगी। उन्होंने कहा समाज का सामथ्र्य जबर्दस्त है। व्यापारी, उद्यमी ईमानदारी से खूब पैसा कमाएं मगर इस बात का ध्यान रखें कि उसमें समाज का भी योगदान है।
मन में उसके कल्याण का भाव भी होना चाहिए। नया मध्यप्रदेश समाज के सहयोग से ही गढ़ा जाएगा। लोग सप्ताह में एक दिन या एक घंटा भी अच्छे काम के लिए निकाल लें तो बहुत कुछ बेहतर हो सकता है।
इससे पहले दैनिक भास्कर समूह के चेयरमेन रमेशचंद्र अग्रवाल ने कहा इंदौर के लोगों ने जो साथ दिया उसी का नतीजा है कि आज भास्कर देश का सबसे बड़ा मीडिया समूह है। यह आम आदमी का भास्कर और भास्कर का आम आदमी से जुड़ाव का नतीजा है।
रजत जयंती वर्ष में हमने तय किया कि इंदौर की पहचान को बढ़ाने का काम करना चाहिए। शहर का ऋण चुकाने का मौका मान रवींद्र नाट्य गृह के कायाकल्प का काम शुरू हुआ। यह तय किया गया कि इसमें हमारे घर से बेहतर सुविधाएं हो क्योंकि यह किसी एक नहीं सबके काम के लिए होगा।
श्री अग्रवाल ने कहा सारे काम सरकार के भरोसे नहीं छोड़े जा सकते। सरकार और जनता कोई काम हाथ में ले तो वह एक-एक दो नहीं 11 होंगे। उन्होंने कहा आने वाले दिनों में शहर की अन्य पहचान 56 दुकान, गांधी हॉल आदि का कायाकल्प भी किया जाएगा।
सांसद सुमित्रा महाजन ने कहा दैनिक भास्कर के प्रयासों से रवींद्र नाट्यगृह का जो स्वरूप निखरा है उससे आने वाली पीढ़ी यहां पर निखरेगी। भास्कर ने साबित किया है कि केवल नकारात्मक बातों को उठाना ही मीडिया का काम नहीं है। ऐसी सकारात्मक पहल के जरिये भी जनता तक पहुंचा जा सकता है।
महापौर डॉ. उमाशशि शर्मा ने कहा नगर निगम ने कई बार प्रयास किए पर रवींद्र नाट्यगृह को बेहतर नहीं कर पाए। समझ में ही नहीं आता था कि शुरुआत कहा से करें। दैनिक भास्कर के आभारी हैं जो उन्होंने शहर को उसकी सांस्कृतिक विरासत को भव्यता प्रदान कराई। कार्यक्रम में जनकार्य प्रभारी ललित पोरवाल ने निगम की भूमिका पर प्रकाश डाला।
वीडियो के जरिये कायाकल्प की यात्रा का जीवंत प्रदर्शन भी किया गया। स्वास्थय राज्यमंत्री महेंद्र हार्डिया, आईडीए अध्यक्ष मधु वर्मा, विधायक मालिनी गौड़, सुदर्शन गुप्ता, अश्विन जोशी, जीतू जिराती, निगम सभापति शंकर लालवानी, संभागायुक्त बसतंप्रतापसिंह, आईजी संजय राणा, निगमायुक्त सीबी सिंह आदि उपस्थित थे। संचालन दैनिक भास्कर के स्थानीय संपादक अवनीश जैन ने किया एवं आभार बीटीवी के सीईओ एवं कायाकल्प प्रोजेक्ट के हेड धर्मेश गोयल ने किया।
मप्र में सबका स्वागत है
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कार्यक्रम में कहा कि मप्र में सभी का स्वागत है। हम सब भारत मां के लाल, भेद-भाव का कहां सवाल। बिहार, उप्र, दक्षिण भारत किसी भी अंचल के लोग मप्र आएं, उनका स्वागत है। इससे पहले दिनभर मुख्यमंत्री की कथित टिप्पणी को मीडिया चैनल उछालते रहे कि उन्होंने अन्य प्रदेश के नागरिकों को मप्र में काम न देने की बात कही है।










