खाली मटकों के साथ कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन
अलवर. तिजारा रोड स्थित सैंथली गांव में व्याप्त पेयजल संकट के विरोध में शुक्रवार को ग्रामीणों ने खाली मटकों के साथ कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। बाद में जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। बाद में ग्रामीण जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता से भी मिले।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के पम्प हाऊस की मोटर दो महीनों से बेकार है। इसे ठीक नहीं किया गया है। गांव में एकमात्र हैंडपंप की भूजल सतह नीचे चले जाने के कारण इससे मिट्टी युक्त पानी आता है। यह पानी पीने लायक नहीं है। ग्रामीणों का कहना था कि इस मामले में शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
ग्रामीणों को पीने के पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है।बाद में ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर कुंजीलाल मीणा को ज्ञापन सौंपा। जिला कलेक्टर ने जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता को कार्रवाई के निर्देश दिए। दो ट्रैक्टर ट्रालियों में भरकर आए ग्रामीण पुरुष और महिलाएं कलेक्ट्रेट से जलदाय विभाग के कार्यालय पहुंचे और वहां भी प्रदर्शन किया।
जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता बी. कृष्णन ने समस्या का हल निकालने के लिए इस क्षेत्र में टैंकरों से पेयजल आपूर्र्ति कराने का आश्वासन दिया। इसके साथ उन्होंने गांव में पेयजल संकट निवारण के लिए नए हैंड पम्प व ट्यूबवैल लगवाने की योजना राज्य सरकार को भेजने का आश्वासन भी दिया।
सैंथली की पंच जैनम ने बताया कि पानी की व्यवस्था महिलाओं को दो से चार किलोमीटर दूर कुओं से करनी पड़ रही है।इसी गांव के महेन्द्र ने बताया कि ट्यूबवैल खराब है और हैंडपंप सूखने की ओर है। इसलिए गांव में पेयजल संकट हो गया है। पिछले दो महीने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।










