मोटर जब्ती दल पर हमला
उज्जैन. गंभीर डेम से पानी चोरी रोकने के लिए पहुंचे पीएचई गश्ती दल पर शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने हमला कर दिया। कर्मचारियों ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामले में गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
गंभीर डेम के 24 किमी जल संग्रहण क्षेत्र में दो गश्ती दल तैनात जांच कर रहे हैं। शुक्रवार सुबह जीप से गए गश्ती दल ने ग्राम बमनापाती में मोटर जब्त करने की कोशिश की तो ग्रामीण सामने आ गए। उन्होंने मारपीट की। ग्रामीणों के हमले के बाद दल मोटर जब्त किए बिना लौट आया। पीएचईकर्मी उमाशंकर पिता शिवनारायण के आवेदन पर इंगोरिया पुलिस ने आरोपी पदमसिंह, संजय व साथियों के खिलाफ मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा व अभद्र व्यवहार करने का प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इसके पहले भी ग्रामीणों ने मोटर जब्त करने का विरोध किया था। लेकिन पीएचईकर्मियों ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी। हाल ही में पीएचई ने पानी चोरी करने वालों के खिलाफ सघन अभियान छेड़ा है। एक पखवाड़े में 14 मोटरें जब्त की जा चुकी हैं। शुक्रवार को भी एक मोटर जब्त की गई।
इनका कहना
गश्ती दल मोटर जब्त करने बमनापाती गया था। ग्रामीणों ने अभद्र व्यवहार किया। इसकी रिपोर्ट पुलिस को दर्ज कराई है।
वी.के. शिंदे, कार्यपालन यंत्री, पीएचई










