Danik Bhaskar Logo
| 42 Editions | 10 States

Saturday, November 07, 2009 05:18 [IST]  

danik bhaskarनिगाहें होंगी आसमान पर

भास्कर न्यूज

रायपुर. एयरफोर्स के सूर्यकिरण विमानों का करतब देखने की आतुरता राजधानीवासियों में लगातार बढ़ रही है। शुक्रवार को शाम 4 बजे बूढ़ातालाब सर्किल में खड़े लोगों में इसकी ललक साफ झलकी। बूढ़ातालाब सर्किल के चारों ओर आधे घंटे के लिए हर किसी के कदम थमे रहे। हर शख्स की नजर आसमान पर लगी रही। बूढ़ातालाब के ऊपर 20 मिनट तक चली विमानों की कलाबाजी हजारों लोगों ने एकटक देखी।



शनिवार को शाम 4 बजे होने वाले शो में कुल नौ विमान हिस्सा लेंगे। माना एयरपोर्ट से दोपहर 3.45 पर सूर्यकिरण बेड़े के पांच जहाजों ने टेकऑफ कर बूढ़ातालाब की ओर रुख किया। विमानों की पहली झलक लोगों को शाम 4 बजे बूढ़ातालाब के ऊपर देखने को मिली।



इनमें से तीन विमान आगे और दो विमान पीछे उड़ान भर रहे थे। तालाब के ऊपर पहुंचने के फौरन बाद दो जहाजों ने पुलिस ग्राउंड और तीन विमान साइंस कॉलेज की ओर निकल गए। इसके बाद अगले 20 मिनट तक विमानों ने हर दो मिनट बाद 10 से 15 बार बूढ़ातालाब के ऊपर धुंआ छोड़ते हुए कई आकृतियों का निर्माण किया।



पक्षियों के कारण ऊंचाई ज्यादा : सूर्यकिरण बेड़े के ग्राउंड आफिसरों ने पायलटों को अधिक नीचे उड़ान भरने से मना कर दिया। ग्राउंड ड्यूटी पर तैनात अफसरों का कहना था कि 50 से 100 मीटर के बीच कौओं और अन्य पक्षियों के कई झुंड उड़ रहे थे। बर्ड हिटिंग का खतरा होने के कारण रिहर्सल के दौरान विमानों को अधिक नीचे उड़ने से मना कर दिया गया। पायलट ग्राउंड स्टाफ से लगातार वॉकी-टॉकी से संपर्क में थे।



टीम लीडर के साथ चार पायलट : आधे घंटे की सार्टी के दौरान टीम लीडर जेटी कुरियन के नेतृत्व में विंग कमांडर ए. नेंडी, स्क्वायड्रन लीडर अजीत कुलकर्णी, स्क्वायड्रन लीडर ब्रजेश पाल तथा स्क्वायड्रन लीडर वीएस सैनी ने रिहर्सल की। मुख्य शो में शनिवार को नौ विमान उड़ान भरेंगे।



एयरफोर्स में आएं युवा : सूर्यकिरण टीम के कप्तान जेटी कुरियन ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता के दौरान राज्य के युवाओं से एयरफोर्स में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि तीन तरह से युवा फौज में शामिल हो सकते हैं। एनडीए, सीडीएस और एनसीसी के माध्यम से युवाओं को फौज की सेवा करने का अवसर आसानी से मिलता है, लेकिन सबसे आसान तरीका एनसीसी होता है।



छत्तीसगढ़ के चीफ पायलट कैप्टन डीएस मिश्रा ने बताया कि सूर्यकिरण टीम राज्य के युवाओं को एयर फोर्स जाइन करने के लिए प्रोत्साहित करेगी। इस टीम का मुख्य मकसद युवाओं को एयर फोर्स में जाने के लिए प्रेरित करना ही है।



सूर्यकिरण ने 1996 से अब तक देश में 600 से अधिक शो करने सहित आठ से अधिक दूसरे देशों में भी शो किया गया है। टीम ने कोलंबो, म्यांमार, थाईलैंड, सिंगापुर, चीन व लाओस में भी शो किए हैं। श्री मिश्रा ने कहा कि शासन के पायलट होने के नाते उनकी यह अपील है कि अधिक से अधिक युवा यह शो देखने पहुंचें।



एनसीसी लेने पर बोनस अंक : स्कूल शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने पत्रकार वार्ता के दौरान ही एनसीसी लेने वाले छात्रों को फाइनल एग्जाम में बोनस अंक दिए जाने की घोषणा की।



नहीं लगेंगे ठेले-खोमचे



एयर शो के दौरान इलाके में एक भी ठेला-खोमचा खड़े नहीं होने दिया जाएगा। पायलटों ने भी लोगों से शो के दौरान किसी भी तरह का खाने-पीने का सामान लेकर नहीं आने की अपील की है। उनका कहना है कि खाद्य सामग्री से ही पक्षी आकर्षित होते हैं। इसके कारण बर्ड हिटिंग का खतरा हो सकता है।



आधे दिन की छुट्टी



राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने राज्योत्सव के समापन समारोह में शाम 4 बजे हो रहे एयर शो के लिए आधे दिन की छुट्टी घोषित कर दी है। दोपहर 2.30 के बाद सभी शासकीय व अर्ध शासकीय दफ्तर और शिक्षण संस्थानों में छुट्टी दे दी जाएगी।



सिटी बस का रुख बूढ़ातालाब की ओर



जिला प्रशासन ने लोगों की सुविधा के लिए शनिवार को शहर की सड़कों पर हर दिशा से चलने वाली 40 सिटी बसों का रुख बूढ़ातालाब की ओर कर दिया है। अफसरों ने बताया कि दोपहर 1 बजे के बाद एयर शो खत्म होने तक हर दिशा से चलने वाली सिटी बसें बूढ़ातालाब की ओर आएंगी। शो खत्म होने के बाद बसें बूढ़ातालाब से वापस अपनी दिशा में जाएंगी। एडीशनल एसपी ट्रैफिक मनीष शर्मा ने बताया कि गाड़ियों के लिए पांच पार्किग स्थल बनाए जा रहे हैं।



इनमें सप्रे स्कूल, गांधी मैदान, स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, सिद्धार्थ चौक टिकरापारा, ईदगाहभाटा और मठपुरैना को चिन्हांकित किया गया है। बूढ़ातालाब के दानी स्कूल से सुलभ शौचालय तक के परिक्रमास्थल को सुबह 11 बजे बंद कर दिया जाएगा। इस सड़क पर वाहनों की आवाजाही नहीं होगी। श्री शर्मा ने लोगों से एक घंटा पहले शो देखने परिक्रमा पथ पर पहुंचने की अपील की है।

  share
apne vichaar
post a comment
name:
email:
website:
code:
 
select your language:
Hindi Roman Hindi Phonetic English
comment: