ऑपरेशन ने छीनी आंखें
सोनीपत. जैन मंदिर स्कूल में पिछले माह लगे एक नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर में तीन बुजुर्ग दृष्टिहीनता दूर कराने पहुंचे थे, लेकिन आंखों की रोशनी ही गंवा बैठे। पहले तो इन्हें थोड़ा-बहुत दिखता भी था, ऑपरेशन के बाद धीरे-धीरे इन्हें दिखना ही बंद हो गया।
इस दौरान कई बार इन्होंने अस्पताल के चक्कर काटे, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। अंतत: शुक्रवार को परिजनों ने मामले की शिकायत सीएमओ से की। सीएमओ ने जांच के आदेश दे दिए हैं। जैन मंदिर स्कूल में 24 अक्टूबर जैन सेवा समिति और सीनियर सिटीजन परिषद की ओर से एकदिवसीय नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर लगाया गया था।
ईदगाह कॉलोनी की आयशा (50), अनवरी (75) व लाडो (80) सहित पांच लोग आंख जांच कराने पहुंचे। जांच के बाद 26 अक्टूबर को सिविल अस्पताल में इनकी आंखों का ऑपरेशन किया गया। आयशा ने बताया कि अस्पताल में ऑपरेशन के पहले थोड़ा-बहुत जो दिखता था अब वह भी बंद हो गया।
अस्पताल के तीन चक्कर लगा चुकी हूं, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। अन्य दो महिलाओं की स्थिति भी ऐसी ही है। ईदगाह के अली शेर पठान ने बताया किऑपरेशन कराने वाले दो और लोगों का इलाज दिल्ली में चल रहा है।
ऑपरेशन के बाद दिखाई नहीं देने मामला सामने आया है। इनकी आंखों की फिर से जांच की जाएगी ताकि कारणों का पता लग सके। - डॉ. जेएस पुनिया, सीएमओ
हम लोगों की सेवा के लिए समय-समय पर कैंप व अन्य सामाजिक गतिविधियां करते हैं। यदि इस तरह की कोई घटना है तो मैं मामले की जांच कराऊंगा। फिलहाल मैं मथुरा में हूं। - वीपी आर्या, प्रधान सीनियर सिटीजन परिषद










