फेनेल और कलमाडी के सुधरने लगे संबंध
नई दिल्ली. कॉमनवेल्थ गेम्स को लेकर सुरेश कलमाडी व माइकल फेनेल के बीच सुलह हो गई लगती है। फेनेल न केवल खेलों की तैयारी से संतुष्ट नजर आ रहे हैं, बल्कि उन्होंने आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश कलमाडी को बधाई संदेश भी भेजा है। बता दें कि फेनेल कॉमनवेल्थ गेम्स फेडरेशन के अध्यक्ष हैं व कई बार दिल्ली में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स की तैयारी परअपनी नाखुशी जता चुके हैं। पिछले दिनों उन्होंने तैयारियों को नाकाफी बताया था।
शुक्रवार को आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश कलमाडी को इंग्लैंड की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने कॉमनेवल्थ गेम्स के लिए बधाई दी। इसके अलावा फेनेल ने भी कलमाडी की तारीफ की है। यहां यह बताना जरूरी है कि कुछ दिन पहले तक फेनेल व कलमाडी के रिश्तों में इतनी कड़वाहट थी कि जहां फेनेल भारत की तैयारियों को लेकर उखड़े हुए थे, वहीं कलमाडी ने फेनेल को कॉमनवेल्थ गेम्स फेडरेशन के अध्यक्ष पद से हटाने की मुहिम शुरू कर दी थी।
हालांकि अब कई देशों के विभिन्न अधिकारियों व फेडरशन के सदस्यों की पहल पर दोनों के बीच आई तल्खी खत्म होती लगती है। पिछले दिनों राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल लंदन में महारानी एलिजाबेथ से मिली थीं, जहां एक खास कार्यक्रम के दौरान महारानी ने भारत को रिले टार्च सौंपी थी।
महारानी व फेनेल दोनों का ही कहना है कि कॉमनवेल्थ गेम्स कमेटी ने इस कार्यक्रम का आयोजन बेहतरीन तरीके से किया। इससे लगता है कि अगले वर्ष होने वाले खेल भी इसी स्तर के होंगे। उधर, क्वीन बेटन रिले टार्च लंदन की प्रसिद्ध सिटी बस, टैक्सियों, स्टेडियमों आदि से होती हुई वहां के स्कूलों में पहुंच गई है।
रविवार को टार्च को इंग्लैड के एक प्रसिद्ध स्टेडियम में ले जाया जाएगा। स्टेडियम में इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया की टीम रग्बी मैच खेलेगी और यहां ६क् हजार दर्शकों के बीच रिले टार्च को आगे के सफर के लिए रवाना किया जाएगा।










