यात्री फिर दर-ब-दर
पानीपत. पंजाब में बंद के कारण शुक्रवार को सैकड़ों यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। पंजाब के बंद के कारण रेलवे स्टेशन पर पंजाब से आने वाली कई ट्रेनें लेट रहीं। एक ट्रेन निरस्त करनी पड़ी। वहीं दूसरी ओर बस सर्विस निर्बाध रूप से जारी रही।
ये गाड़ियां रहीं लेट
पानीपत रेलवे स्टेशन पर रेलगाड़ी लेट होने से यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। रेलवे स्टेशन पर सचखंड एक्सप्रेस 6 घंटे, बरौनी एक्सप्रेस 5 घंटे और डिलक्स एक्सप्रेस 5 घंटे लेट रही। सुपर एक्सप्रेस गाड़ी कैंसिल कर दी गई।
दो दिन पहले भी था बंद
दो दिन पहले मंगलवार को भी पंजाब में दंगे पीड़ित परिवारों को न्याय न मिलने के कारण बंद का आह्वान किया गया था। उस समय भी पानीपत रेलवे स्टेशन तथा बस स्टैंड पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा था।
कभी बस स्टैंड तो कभी रेलवे स्टेशन
पंजाब में बंद की सूचना मिलने के बाद दिन भर यात्रियों को रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के बीच दौड़ लगाते देखा गया।
बसें बनी सहारा
शुक्रवार को पंजाब बंद के कारण रेलवे स्टेशन पहुंचे निराश लोगों के लिए बसें सहारा बनीं। बंद के कारण रेल यातायात तो प्रभावित रहा, लेकिन रोडवेज की बसें प्रभावित नहीं हुई। रोडवेज की बसें पंजाब से नियमानुसार आना-जाना करती रहीं।
यात्री बेहाल
पंजाब में बंद की सजा आम लोगों को भुगतनी पड़ रही है। रेलवे स्टेशन और रेलगाड़ियों में इतनी भीड़ हो जाती है कि सांस लेना भी मुश्किल हो जाता है। - प्रवीण, यात्री
दंगों में मारे गए लोगों को न्याय मिलना चाहिए, लेकिन इसके लिए बंद करना उचित नहीं है। रेल यातायात बंद के कारण बुरी तरह से हिल जाता है, जिससे हर यात्री प्रभावित होता है। - लवदीप, यात्री
ट्रेन लेट होने के कारण सभी यात्री प्रभावित होते हैं। रिजर्वेशन करवाकर निश्चंत बैठे लोगों को भी काफी परेशानी उठानी पड़ती है। इसके अलावा रेलवे स्टेशनों पर भी काफी अव्यवस्था का आलम रहता है। - परमजीत, यात्री
बंद के दौरान सरकार को ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए कि आम आदमी को मुश्किल न उठानी पड़े। रेलगाड़ी आम आदमी का साधन है। इसके बंद होने से दिनचर्या भी अस्त-व्यस्त हो जाती है। - अशोक, यात्री










