विज्ञान के छात्रों ने बनाए यंत्र
जोधपुर. आदर्श विद्या मंदिर, महानगर में दो दिवसीय विज्ञान मेला बालिका आदर्श विद्या मंदिर, रामचौक में शुक्रवार को आरंभ हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि लाचू मेमोरियल कॉलेज के प्राचार्य आरएल माथुर थे। अध्यक्षता मुख्य प्रबंधक रवि भटनागर ने की।
कार्यक्रम में विद्या भारती जोधपुर के सह मंत्री दुर्गसिंह राजपुरोहित ने कहा कि भारतीय वैज्ञानिकों की उपलब्धियों पर हमें नाज करना चाहिए। मुख्य अतिथि माथुर ने कहा कि भारत का अतीत सुदृढ़ रहा है। आइंसटीन ने कहा था कि दुनिया को शून्य की खोज देने वाला भारत ही है।
शून्य ही खोज के बिना प्रगति संभव नहीं थी। दुनिया भर के वैज्ञानिक भारतीय वैज्ञानिकों से सीख रहे हैं। भारतीय वैज्ञानिकों ने अपनी खोज के आधार पर पहले ही बता दिया था कि चंद्रमा पर पानी है। अध्यक्षीय उद्बोधन में भटनागर ने कहा कि वैज्ञानिकों के जीवन से हमें प्रेरणा लेनी चाहिए।
बाल्यकाल में ही अगर रुचि दिखाई जाए तो बड़े होकर वैज्ञानिक बनकर देश का नाम रोशन किया जा सकता है। इस अवसर पर हनवंत आदर्श विद्या मंदिर के बालकों ने हाइड्रोलिक लिफ्ट का प्रदर्शन किया। साथ ही जटिल समस्याओं, गुरुत्वाकर्षण, पृथ्वी का घूर्णन, गोबर गैस, फिंगर प्रिंटिंग व मानव रहित रेल फाटक आदि अनेक मॉडल दर्शाए गए। विद्यालय प्रबंध समिति के सचिव जगदीश पुरोहित ने विज्ञान मेले के बारे में जानकारी दी। समिति के अध्यक्ष रामकिशोर ओझा ने आभार जताया। संयोजक सुष्मिता गांगुली थी। समापन शनिवार को दोपहर ढाई बजे होगा। इसके मुख्य अतिथि एनएस शेखावत व अध्यक्ष आरएस व्यास होंगे।
दिशा इंटरसिटी मीट ऑन माइक्रोक्रेडिट कार्यक्रम आज : इनर व्हील क्लब की ओर से शनिवार को सुबह 10 बजे होटल श्रीराम इंटरनेशनल,पांचबत्ती चौराहा में दिशा इंटरसिटी मीट ऑन माइक्रोक्रेडिट, रूबी ईयर का आयोजन किया जाएगा।










