रोचक इमेजेज को मिली सराहना
जोधपुर. एमबीएम इंजीनियरिंग कॉलेज के कंप्यूटर विज्ञान एवं अभियांत्रिकी विभाग के तत्वावधान में आयोजित एनकार्टा-09 का शुभारम्भ शुक्रवार को कॉलेज के अधिष्ठाता प्रो. अरविंद राय ने किया। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों से आए विद्यार्थियों ने टेक्सक्राइब, इमेज मॉफिंग, रन टाइम, इडिफिस तथा इलेक्ट्रोमेनिया और यूनिक्स वर्क शॉप में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
टेक्सक्राइब में तकनीकी विषयों पर 25 टीमों ने प्रजेंटेशन दिया गया। इमेज मॉफिंग में कॉरल ड्रा एवं फोटोशॉप का प्रयोग कर प्रतिभागियों ने रोचक इमेज बनाए जिनमें कोई न कोई संदेश निहित था। रन टाइम के तहत सी लैंग्वेज में गूट कॉन्सेप्ट पर प्रोग्रामिंग प्रश्न किए गए जबकि इडिफिस में सिविल इंजीनियरिंग के महत्वपूर्ण सिंद्धातों का प्रयोग कर स्ट्रा की मदद से स्ट्रक्चर बनाया गया।
इलेक्ट्रोमेनिया में ऑनलाइन चरण में सफल रही 25 टीमों की इलेक्ट्रॉनिक्स की परख की गई। इस अवसर पर यूनिक्स ऑपरेटिंग सिस्टम पर एक कार्यशाला भी हुई जिसमें प्रो. केआर चौधरी ने छात्रों को विस्तार से यूनिक्स के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि अभी तक एनकार्टा में लगभग 300 प्रतिभागी पंजीकरण करा चुके हैं। राष्ट्रीय स्तर के इस तकनीकी समारोह में राजस्थान ही नहीं बल्कि देश के कई स्थानों से आए प्रतिभागियों ने उत्साह से हिस्सा लिया तथा सभी प्रतियोगिताओं में भागीदारी निभाई। एनकार्टा में शनिवार को दो कार्यशालाएं मेटलैब एवं विंडोज 7 आयोजित की जाएंगी। इसमें पोस्टर मेकिंग, रोबोटिक्स, मेकेनिजा, माइक्रो-पी, मॉक स्टॉक एवं लेन गेमिंग में काउंटर स्ट्राइक भी शामिल हैं।










