आईटीबीपी के गोपनीय दस्तावेज चोरी
नई दिल्ली. भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के गोपनीय दस्तावेजों व महत्वपूर्ण जानकारियों से लैस कंप्यूटर चोरी होने का मामला प्रकाश में आया है। यह वारदात लोदी कॉलोनी इलाके की है।
ग्वालियर से आया आईटीबीपी का जवान कम्प्यूटर और गोपनीय दस्तावेज लेकर लोदी कॉलोनी स्थित मुख्यालय जा रहा था, लेकिन रास्ते में जब वह ऑटो से उतरा तो चालक सामान लेकर चंपत हो गया। लोदी कॉलोनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और ऑटो का पता लगा रही है।
पुलिस के अनुसार आईटीबीपी में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात ममन सिंह मंगलवार को रोडवेज की बस से ग्वालियर से विभाग का एक कंप्यूटर और गोपनीय दस्तावेज लेकर दिल्ली आया था, जो सीजीओ कांप्लेक्स स्थित आईटीबीपी के मुख्यालय पहुंचाने थे। वह सुबह लगभग 4 बजे सराय काले खां बसअड्डे पहुंचा, जहां से उसने लोदी कॉलोनी के लिए एक ऑटो लिया।
दयाल सिंह कॉलेज के पास पहुंचने पर ममन सिंह ने रास्ता पूछने के लिए ऑटो चालक को रुकने के लिए कहा। ममन ऑटो से उतरा और पता पूछने लगा। कुछ ही सेकेंड में ऑटो चालक उसकी आखों से ओझल हो गया। ममन ने ऑटो का नंबर नोट कर लिया और तुरंत इसकी जानकारी अपने अधिकारियों को दी। बुधवार को लोदी कॉलोनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर ऑटो की तलाश शुरू कर दी।
वारदात के बाद से आईटीबीपी के अधिकारियों में होश उड़े हुए हैं। उन्हें डर है कि यदि कंप्यूटर और दस्तावेज किसी गलत व्यक्ति के हाथ पड़ गए तो सुरक्षा के लिहाज से काफी महंगा साबित हो सकता है।










